Advertisment
Advertisment
अपराधराज्य/शहर

जिला दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई – महिला के अंधे कत्ल का खुलासा, निकला सुपारी किलिंग का मामला

NTN NEWS REPORT// दुर्ग, 25 सितम्बर 2025।
ग्राम टेमरी (नगपुरा) में दिनांक 20 सितम्बर को मिले अज्ञात महिला के पत्थर से कुचले शव की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि मामला सुपारी किलिंग का है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और एफएसएल टीम व थाना पुलगांव की सक्रियता से मृतका की पहचान गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़े पिता हरीशचंद, निवासी दादर हाल पोटिया चौक दुर्ग के रूप में की गई। गंगोत्री 19 सितम्बर की रात 8:45 बजे खाना खाने के बहाने घर से निकली थी, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या की वजह और षड्यंत्र : जांच में सामने आया कि मृतका गंगोत्री विगत 7-8 माह से नौकरी लगाने के नाम पर दो लोगों को रकम देती आ रही थी। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी तो उसने आरोपियों पर दबाव बनाया। गंगोत्री ने धमकी दी थी कि अगर 20 सितम्बर तक साक्षात्कार नहीं हुआ तो वह शिकायत करेगी। इससे घबराकर मुख्य आरोपी ने गंगोत्री को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा और अपने साथी निर्भय जांगड़े निवासी जालबांधा को ₹1 लाख की सुपारी देकर हत्या करने की योजना बनाई। रकम आरोपी के खाते में ट्रांसफर भी की गई।

इस साजिश में हेमलता बंजारे भी शामिल रही। तीनों ने वीडियो कॉल के जरिए हत्या की योजना बनाई।

हत्या की वारदात : 19 सितम्बर की रात गंगोत्री को बहाने से ढाबा चलने को कहा गया। आरोपी निर्भय और उसका साथी बाइक से उसे टेमरी ले गए। वहां बेल्ट और चुनरी से गला घोंटकर हत्या की गई और पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया। जेवर निकालकर फेंक दिए गए क्योंकि वे नकली थे। मोबाइल और अन्य सामान आरोपियों ने अपने साथियों को छुपाने के लिए दे दिए।

गिरफ्तार आरोपी : पुलिस ने हत्या में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है —

1. निर्भय जांगड़े (19 वर्ष) निवासी जालबांधा, खैरागढ़

2. जयदीप साहू (19 वर्ष) निवासी कातुल बोर्ड, दुर्ग

3. मनीष बंजारे (19 वर्ष) निवासी आशा नगर, दुर्ग

4. पवन कुमार सिंह (18 वर्ष) निवासी कातुल बोर्ड, भिलाई

5. हेमलता बंजारे (38 वर्ष) निवासी कातुल बोर्ड, भिलाई

6. विधि से संघर्षरत बालक

पुलिस की कार्रवाई : आरोपियों पर हत्या, आपराधिक षड्यंत्र, साक्ष्य छिपाने, लूट और अपराधी को संरक्षण देने की धाराएं लगाई गई हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम रवाना हो चुकी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है।

दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई ने साबित कर दिया कि संगठित अपराध और सुपारी किलिंग में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!