
स्वास्थ्य विभाग का सराहनीय प्रयास : मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविर में बीपी-शुगर जांच व रक्त परीक्षण
NTN NEWS REPORT// नवागढ़। रजत जयंती वर्ष एवं स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत राछाभाटा, नवागढ़ में गुरुवार को मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
सीएमओ विष्णु यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में स्वच्छता दीदी, सफाई कर्मचारी एवं क्षेत्र के नागरिकों सहित कुल 75 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 40 महिलाएं, 31 पुरुष और 4 बच्चे शामिल थे। इसके अलावा 11 मरीजों का रक्त परीक्षण किया गया तथा 73 मरीजों को तत्काल दवा वितरण कर लाभान्वित किया गया।
शिविर में बीपी, शुगर समेत महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य जांच भी की गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी हैं।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अर्चना देवांगन, उपाध्यक्ष निरंजन कोसले, सीएमओ विष्णु यादव, एपीएम अमित गौरहा, डॉ. अमन मोदी, मोबाइल मेडिकल यूनिट का स्टाफ, विभिन्न वार्डों के पार्षद, स्वच्छता दीदी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।