Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा में दो पटवारी निलंबित, हड़ताल पर अड़े पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस; 15 पटवारी लौटे काम पर

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 01 नवंबर 2026। जिले में पटवारियों की कार्यप्रणाली और हड़ताल को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कर्तव्य में लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति और पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के अलग-अलग मामलों में दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, हड़ताल में शामिल पटवारियों को प्रशासन की ओर से ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया गया है। जिले में कुल 156 पटवारियों में से अब तक 15 पटवारी काम पर वापस लौट चुके हैं।

कर्तव्य में लापरवाही और लगातार अनुपस्थिति पर धर्मेंद्र यादव निलंबित

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी हल्का नंबर 13, तहसील शिवरीनारायण में पदस्थ धर्मेंद्र यादव के विरुद्ध कर्तव्य में लापरवाही एवं अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण निलंबन की कार्रवाई की गई है। उनकी अनुपस्थिति के चलते राजस्व विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे थे। इनमें नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती, अभिलेख दुरुस्ती, धान फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल गिरदावरी और धान खरीदी से संबंधित कार्य शामिल हैं।

बताया गया है कि संबंधित पटवारी को पूर्व में कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद उनके कार्य व्यवहार में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दी। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवरीनारायण द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित की गई है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज होने पर ज्योतिष कुमार सर्वे निलंबित

इसी प्रकार तहसील जांजगीर में पदस्थ पटवारी ज्योतिष कुमार सर्वे को भी निलंबित किया गया है। उनके विरुद्ध वर्ष 2025 में थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

प्रशासन के अनुसार, उक्त आपराधिक प्रकरण वर्तमान में अन्वेषणाधीन है। शासकीय सेवक के पद की गरिमा एवं प्रकरण की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।

156 में से 15 पटवारी काम पर लौटे, शेष को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस

जिले में पटवारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन ने काम पर लौटने वाले और हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की स्थिति भी स्पष्ट की है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 156 पटवारियों में से 15 पटवारी काम पर वापस लौट आए हैं। इनमें 13 परिवीक्षाधीन पटवारी तथा दो ऐसे पटवारी शामिल हैं, जो हड़ताल में शामिल नहीं हुए थे।

वहीं, शेष हड़तालरत पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व संबंधी शासकीय कार्यों को सुचारु बनाए रखने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

निलंबन अवधि में तहसील कार्यालय रहेगा मुख्यालय

जारी आदेशों के अनुसार, निलंबित दोनों पटवारियों का निलंबन अवधि के दौरान मुख्यालय संबंधित तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। दोनों निलंबन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

राजस्व कार्यों पर हड़ताल का असर, प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख

पटवारियों की अनुपस्थिति से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, फसल गिरदावरी और धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होने की बात प्रशासन ने कही है। ऐसे में दो पटवारियों का निलंबन और हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी होना जिले के राजस्व प्रशासन में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!