NTN REPORT// ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. पुलिस द्वारा मांगी गई 7 दिन की पुलिस रिमांड को कोर्ट ने मंजूर कर लिया है. सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम में ट्विशा का भाई हर्षित राणा भी मौजूद रहा. इस दौरान किसी तरह की तनातनी की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने हर्षित और समर्थ के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखी।

कोर्ट ने मंजूर की 7 दिन की पुलिस कस्टडी
मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने कोर्ट से आरोपी समर्थ सिंह की 7 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी. पुलिस का कहना था कि मामले में अभी कई पहलुओं की जांच बाकी है और आरोपी से पूछताछ जरूरी है.
हालांकि, समर्थ सिंह के वकील ने कोर्ट में दलील देते हुए कहा कि पुलिस के पास अब ज्यादा कुछ बाकी नहीं है, इसलिए केवल एक दिन की पुलिस कस्टडी दी जानी चाहिए. बावजूद इसके कोर्ट ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी.
समर्थ सिंह के वकील ने फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हैं और जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे.
ट्विशा के भाई ने उठाई CBI जांच की मांग
कोर्ट के फैसले के बाद ट्विशा शर्मा के भाई हर्षित राणा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे 7 दिन की पुलिस रिमांड के फैसले का स्वागत करते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी दौरान सीबीआई इस मामले की जांच अपने हाथ में ले.
हर्षित राणा ने आरोपी समर्थ सिंह के व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब समर्थ कोर्ट रूम में आया तो उसके चेहरे पर पत्नी को खोने का कोई दुख दिखाई नहीं दिया. हर्षित के मुताबिक, समर्थ कोर्ट में हंसता हुआ नजर आया.
मौत से पहले ब्यूटी पार्लर पहुंची थीं ट्विशा
इस मामले में अब ट्विशा शर्मा की मौत से पहले के आखिरी कुछ घंटों को लेकर भी नई जानकारियां सामने आई हैं. ट्विशा जिस ब्यूटी पार्लर में मौत से पहले गई थीं, वहां की संचालिका किरण ने कई अहम बातें बताई हैं.
किरण के मुताबिक, ट्विशा 13 मई को दोपहर करीब 3 बजे पार्लर पहुंची थीं और शाम करीब 6 बजे वहां से निकली थीं. उन्होंने बताया कि ट्विशा अक्सर महीने में एक बार पार्लर आती थीं, क्योंकि पार्लर उनके घर के पास ही था.
उस दिन ट्विशा ने हेड ऑयल मसाज, पेडिक्योर और स्किन ट्रीटमेंट जैसी सेवाएं ली थीं. पार्लर स्टाफ के साथ उन्होंने फिल्मों और सामान्य विषयों पर बातचीत भी की थी.
‘तनाव में नहीं लग रही थीं ट्विशा’
पार्लर संचालिका किरण ने कहा कि ट्विशा का व्यवहार पूरी तरह सामान्य और सौम्य था. उन्होंने बताया कि ट्विशा ने पार्लर में कहा था कि वह थोड़ा रिलैक्स महसूस करना चाहती हैं.
किरण के अनुसार, ट्विशा को देखकर कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वह मानसिक तनाव में हैं या कोई बड़ा कदम उठा सकती हैं.
सास ने मांगी थी पार्लर की जानकारी
किरण ने यह भी बताया कि ट्विशा की मौत की जानकारी उन्हें उनकी सास गिरिबाला सिंह से मिली थी. 13 मई को गिरिबाला सिंह ने फोन कर पूछा था कि ट्विशा पार्लर कब आई थीं और उन्होंने वहां कौन-कौन सी सेवाएं ली थीं.
इसके अगले दिन कुछ लोग पार्लर पहुंचे, जिन्होंने सफेद शर्ट और काला कोट पहन रखा था. पार्लर संचालिका के अनुसार, वे लोग देखने में वकील जैसे लग रहे थे. उन्होंने पार्लर में पूछताछ की और वहां लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कई एंगल से जांच कर रही है. सात दिन की पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी समर्थ सिंह से गहन पूछताछ की जाएगी. वहीं, परिवार लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है.
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।