Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

छत्तीसगढ़ अस्मिता के प्रतीक स्व. बिसाहूदास महंत की 102वीं जयंती आज

शिक्षाविदों और वरिष्ठ कांग्रेसजनों का होगा सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ की माटी के गौरव, प्रख्यात शिक्षाविद और हसदेव बांगो बांध निर्माण के प्रणेता स्वर्गीय बिसाहूदास महंत की 102वीं जयंती आज पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाई जाएगी। यह अवसर केवल उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करने का ही नहीं, बल्कि उनके जीवन मूल्यों—शिक्षा, सेवा और समर्पण—को आत्मसात करने का भी होगा।

आयोजन समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 अप्रैल को शाम 5 बजे स्व. बीडीएम बालोद्यान, जांजगीर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत, कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत सपरिवार, जिले के जनप्रतिनिधि, विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ नेता तथा महंत परिवार के शुभचिंतक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

श्रद्धांजलि सभा के साथ कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा का भी विशेष समावेश रहेगा। अंचल के प्रसिद्ध गायक महेंद्र राठौर एवं उनकी टीम द्वारा कबीर भजन और शबद कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा।

इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले के 102 शिक्षाविदों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजनों का अभिनंदन करते हुए समाजसेवा और शिक्षा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम स्व. बिसाहूदास महंत के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा और नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा। समिति ने जिले के समस्त नागरिकों, कांग्रेसजनों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!