Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

बिलासपुर में ट्रैफिक पर सख्ती: तीन प्रमुख सेक्टर बने ‘ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन’, माहभर चलेगा विशेष अभियान

NTN NEWS REPORT// बिलासपुर,06 जनवरी 2026।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने शहर के तीन प्रमुख सेक्टरों को “ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित करने की दिशा में सख्त और ठोस पहल शुरू की है। यह कार्रवाई पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रथम चरण में एक माह तक प्राथमिकता के आधार पर संचालित की जाएगी।

ये तीन सेक्टर किए गए चिन्हित

  1. अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड
  2. लिंक रोड–महिमा तिराहा से श्रीकांत वर्मा मार्ग
  3. महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक

इन क्षेत्रों में पुलिस, प्रशासन एवं नगर निगम के बीच अंतरविभागीय समन्वय स्थापित कर यातायात उल्लंघनकर्ताओं पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज संजीव शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर नगर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर योजनाबद्ध तरीके से यातायात सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उद्देश्य है—स्मार्ट सिटी की तर्ज पर शहर को सरल, सुगम एवं सुचारु यातायात व्यवस्था प्रदान करना।

अतिक्रमण और अवरोधों पर सख्त कार्रवाई

अभियान के तहत आज अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक मुख्य मार्ग को बाधित करने वाले समस्त अवरोधों को हटाया गया। इस दौरान—

  • दुकानों के सामने लगे बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी, होर्डिंग व डिस्प्ले हटाए गए
  • अवैध कंक्रीट निर्माण, अतिरिक्त दीवारें व संरचनाएं तोड़ी गईं
  • दुकानों की छतों से सड़क की ओर निकले साइन बोर्ड, पुतले व डिस्प्ले बोर्ड हटाए गए

व्यापारियों व नागरिकों से स्पष्ट अपील

यातायात पुलिस ने होटल, लॉज, ढाबा, सराय, कोचिंग संस्थान सहित सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ को नियंत्रित करें। ठेला, गुमटी, चाट, गुपचुप, फल एवं खिलौने बेचने वाले चलित ठेले मुख्य मार्ग पर न लगाएं। उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।साथ ही नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे दुकानों के सामने वाहन खड़े न करें, बल्कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि इन तीनों सेक्टरों को वास्तविक रूप से “ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित किया जा सके।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी कार्ययोजना के तहत पूरे शहर को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर क्रमशः सभी क्षेत्रों को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन बनाया जाएगा। यह कार्रवाई राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान पूरे एक माह तक लगातार जारी रहेगी।

 

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!