Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा में जिला बदर आरोपी पर सख्त कार्रवाई, छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत FIR दर्ज

मुलमुला थाना क्षेत्र का आदतन बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन गिरफ्तार, जिला बदर आदेश का किया था उल्लंघन

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 25 फरवरी 2026। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आदतन बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (40 वर्ष) के खिलाफ पुलिस ने सख्त वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1950 की धारा 14 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक वर्ष के लिए किया गया था जिला बदर

जानकारी के अनुसार, ग्राम कोसा, थाना मुलमुला निवासी आरोपी के विरुद्ध पूर्व से 14 आपराधिक प्रकरण लंबित हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों एवं शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा द्वारा 11 नवंबर 2025 को आदेश जारी कर आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए जांजगीर-चांपा जिले सहित समीपवर्ती जिलों—सक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर एवं बलौदा बाजार—की राजस्व सीमाओं से जिला बदर किया गया था।

आदेश के बावजूद गांव में छिपकर रह रहा था आरोपी

पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि जिला बदर आदेश के बावजूद आरोपी बिना वैध अनुमति अपने गृह ग्राम कोसा में छिपकर रह रहा है तथा ग्रामीणों को डरा-धमका रहा है। सूचना के आधार पर मुलमुला थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास स्थान के आसपास से गिरफ्तार किया।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद दर्ज हुई FIR

आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति एवं शांति भंग की आशंका को देखते हुए थाना मुलमुला पुलिस द्वारा पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय कार्यपालिक दंडाधिकारी, पामगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पूरे मामले की सूचना जिला दंडाधिकारी को दी गई। तत्पश्चात जिला दंडाधिकारी के आदेशानुसार आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1950 की धारा 14 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निर्देशों के अनुपालन में थाना मुलमुला में 23 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत धारा 14 छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1950 के अंतर्गत विधिवत प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, थाना प्रभारी मुलमुला एवं एएसआई प्रमोद महार का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!