
प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न, 21 अप्रैल को मनाया जाएगा ‘मांग दिवस’
AISGPF के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल 16 प्रतिनिधियों का सम्मान, नए आजीवन सदस्यों का अभिनंदन
NTN NEWS REPORT// जांजगीर,16 मार्च 2026।छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ (5969) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं होली मिलन समारोह 14 मार्च को जांजगीर स्थित श्याम मंगलम वाटिका में प्रांतीय अध्यक्ष आर.के. थवाईत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और पेंशनरों की प्रमुख मांगों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
21 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन: बैठक में अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन (AISGPF) के आह्वान पर 21 अप्रैल 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन आयोजित कर पेंशनरों की मांगों का ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। तीन प्रतिशत महंगाई राहत सहित अन्य लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर रणनीति तय की गई।
सदस्यता अभियान और पुनर्गठन पर जोर
प्रदेश कार्यकारिणी ने जिलों में आजीवन और वार्षिक सदस्यता बढ़ाने, जिला स्तर पर वर्तमान सदस्यों की समीक्षा करने तथा प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन पर विचार किया। साथ ही संभाग, जिला एवं तहसील स्तर पर पेंशन सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
सफल आयोजन पर पदाधिकारियों को बधाई
बैठक में 17 दिसंबर 2025 को आयोजित पेंशनर डे एवं 10वें प्रांतीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के सफल आयोजन पर सम्मेलन संयोजक देवेंद्र पटेल, जिला अध्यक्ष गोपाल नायक (रायगढ़) सहित सभी जिलाध्यक्षों और पेंशनर साथियों को प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से बधाई और आभार व्यक्त किया गया।
राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल प्रतिनिधियों का सम्मान
कुरुक्षेत्र में आयोजित अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रांताध्यक्ष आर.के. थवाईत के नेतृत्व में शामिल 16 पदाधिकारियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मानित प्रतिनिधियों में आर.एस. छत्री, सोहन डहरिया, अशोक राठौर, डी.के. शर्मा, देवेंद्र पटेल, अरुण वर्मा, मदन सिंह ठाकुर, टीकाराम पटेल, सुंदर सिंह ठाकुर, महेश साव, पी.आर. सोनी, आर.आर. यादव, पी.आर. कौशिक, डी.आर. श्रीवास और अनंत सिन्हा शामिल रहे।
पदाधिकारियों ने रखे संगठन सुदृढ़ीकरण के सुझाव
कार्यक्रम में के.एस. ठाकुर, देवेंद्र कुमार पटेल, आर.एस. छत्री, जे.पी. शुक्ला, गोपाल नायक, कविता तिवारी, बाबूलाल कुर्मी, के.सी. राठौर सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में कार्यकारी प्रांताध्यक्ष के.एस. ठाकुर, प्रांतीय सलाहकार आर.एस. छत्री, महामंत्री सुंदर सिंह ठाकुर एवं देवेंद्र कुमार पटेल सहित प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
होली मिलन के साथ कार्यक्रम का समापन
अंत में होली मिलन कार्यक्रम के तहत सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी जिलाध्यक्ष चंद्रहास कुछवाहा ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रांतीय सचिव सुरेंद्र सिंह राठौर ने किया।