Advertisment
Advertisment
छत्तीसगढ़रायपुर

हिन्दी बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के दावे पर FIR दर्ज, पुलिस व साइबर सेल जांच में जुटी

NTN NEWS REPORT// रायपुर, 16 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर ने कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के कथित मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मण्डल ने स्पष्ट किया है कि एहतियातन यह कार्रवाई की गई है ताकि पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक स्थिति सामने आ सके।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मण्डल के अनुसार 14 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई थी। इसके बाद 15 मार्च 2026 को शाम लगभग 5 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के माध्यम से तथा 16 मार्च 2026 को विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए यह जानकारी मिली कि एक छात्र संगठन ने दावा किया है कि परीक्षा से एक दिन पूर्व 13 मार्च 2026 को हिन्दी विषय से संबंधित प्रश्नों का एक हस्तलिखित पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार वायरल पर्चे में अंकित प्रश्नों और बोर्ड परीक्षा के हिन्दी विषय के बी-सेट प्रश्नपत्र में पूछे गए प्रश्नों के बीच समानता होने का दावा किया गया है। हालांकि मण्डल ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित उक्त पर्चा स्पष्ट और पूर्णतः पठनीय नहीं है, जिसके कारण उसकी सत्यता का प्रत्यक्ष परीक्षण करना संभव नहीं हो पा रहा है।

माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव ने कहा है कि संबंधित वीडियो अथवा सामग्री परीक्षा संपन्न होने के बाद सामने आई है। प्रथम दृष्टया इसे प्रश्नपत्र लीक की घटना के रूप में नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषय को ध्यान में रखते हुए मण्डल ने मामले को गंभीरता से लिया है।

सचिव ने बताया कि एहतियातन संबंधित प्रकरण में FIR दर्ज कराई गई है तथा पुलिस और साइबर सेल को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से यह स्पष्ट किया जाएगा कि वायरल पर्चे की वास्तविकता क्या है और क्या उसमें पूछे गए प्रश्न परीक्षा प्रश्नपत्र से वास्तव में मेल खाते हैं।

मण्डल ने दोहराया है कि परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या दोषी व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!