
भारतीय स्टेट बैंक ने 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पेंशनरों के लिए दी बड़ी राहत, अब अक्टूबर माह से जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाणपत्र
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष आर.के.थवाईत ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पेंशनरों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत ऐसे सभी पेंशनर अब अक्टूबर माह से ही अपना जीवन प्रमाणपत्र (Life Certificate) जमा कर सकेंगे।
यह जानकारी सेंट्रल पेंशन प्रोसेसिंग सेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रायपुर एवं भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा जांजगीर की मुख्य प्रबंधक श्रीमती ज्योत्सना सिंह से प्राप्त हुई है।
श्रीमती सिंह के अनुसार, अब 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनरों को नवंबर तक इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें विशेष छूट प्रदान करते हुए अक्टूबर से ही जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की अनुमति दी गई है, जिससे वरिष्ठ पेंशनरों को बैंक में भीड़भाड़ या लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ ने भारतीय स्टेट बैंक की इस पहल का स्वागत किया है और इसे वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील व कल्याणकारी कदम बताया है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष आर.के. थवाईत ने कहा कि यह सुविधा पहली बार लागू की गई है, जिससे 80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनरों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने सभी वरिष्ठ पेंशनरों से आग्रह किया है कि वे अक्टूबर माह में ही अपने जीवन प्रमाणपत्र जमा कर दें, ताकि भविष्य में पेंशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पेंशनर अपने जीवन प्रमाणपत्र दो माध्यमों से जमा कर सकते हैं — 1. मोबाइल या डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन (Jeevan Pramaan App के जरिए) 2. या फिर संबंधित स्टेट बैंक शाखा में स्वयं उपस्थित होकर।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ, बिलासपुर के महामंत्री सुंदर सिंह ने भी इस नई व्यवस्था के लिए भारतीय स्टेट बैंक का आभार व्यक्त किया है और कहा कि बैंक का यह कदम वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।