Advertisment
Advertisment
छत्तीसगढ़रायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

छत्तीसगढ़ पुलिस के साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा रजत जयंती पदक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में छत्तीसगढ़ पुलिस रजत जयंती पदक का किया भव्य अनावरण, 25 वर्षों में कानून-व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों में अद्वितीय योगदान को मिला ऐतिहासिक सम्मान

NTN REPORT// रायपुर, 28 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में छत्तीसगढ़ पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य, निडरता और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए आज इसका औपचारिक विमोचन किया गया।

25 वर्षों की सेवा, संघर्ष और बलिदान को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय देते हुए अनेक बलिदान दिए हैं। यह रजत जयंती पदक उन वीर जवानों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस न केवल कानून की रक्षक है, बल्कि संकट की हर घड़ी में जनता के साथ खड़ी रहने वाली शक्ति है।

छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा पदक

मुख्यमंत्री ने बताया कि रजत जयंती पदक को छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा से जोड़कर विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है।
यह पदक गोलाकार एवं चांदी के रंग का होगा—

  • अग्र भाग में साल वृक्ष का उभरा हुआ प्रतीक
  • पिछले भाग में पहाड़ी मैना का चित्र
  • पदक को रिबन के साथ धारण किया जाएगा

वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक, राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक एवं राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के पश्चात वरीयता क्रम में इसे लगाया जाएगा।

प्रतीकों में छिपा गहरा संदेश

पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव और पुलिस बल की टीम भावना का प्रतीक है। वहीं साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु, संरक्षण, प्राकृतिक संतुलन और मौन रहकर भी प्रभावशाली योगदान का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक भी छत्तीसगढ़ पुलिस के सेवा, समर्पण और समाज के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन पवन देव, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी प्रदीप गुप्ता, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी अमित कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!