NTN REPORT// उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। करीब 45 दिनों से लापता बताए जा रहे एक व्यक्ति का शव उसके ही घर के बाथरूम में दफन मिला। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

45 दिन पहले हुई थी गुमशुदगी
मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की प्राची टावर चौकी अंतर्गत रेणुका धाम कॉलोनी का है। यहां रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। परिवार और रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी रूबी सभी से यही कहती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे। बाद में 26 मई को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान पत्नी के व्यवहार ने बढ़ाया शक
पुलिस के अनुसार एक पुराने मामले के सत्यापन के सिलसिले में टीम दोबारा सुरेंद्र के घर पहुंची। इस दौरान पत्नी का व्यवहार संदिग्ध लगा। वहीं मृतक के भाई अनिल शर्मा ने भी पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिसके बाद घर की गहन तलाशी लेने का निर्णय लिया गया।
बाथरूम की नई फर्श ने खोला हत्या का राज
तलाशी के दौरान पुलिस की नजर बाथरूम के फर्श पर पड़ी, जहां हाल ही में प्लास्टर और नई टाइल्स लगाए जाने के संकेत मिले। शक गहराने पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई के दौरान नीचे से सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
हत्या के बाद शव दफनाकर ऊपर लगवाई गई थीं टाइल्स
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया गया था। इसके बाद ऊपर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया गया और नई टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को कोई शक न हो। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी योजना में पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।
पूछताछ में पत्नी ने जुर्म कबूल करने का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि घटना से पहले ही बाथरूम का काम कराने के लिए मिस्त्री और मजदूर बुलाने की तैयारी कर ली गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी।
भाई ने बताई पारिवारिक स्थिति
मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीने के आदी थे, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र के लापता होने के बाद रूबी ने ही परिवार को सूचना देकर घर बुलाया था और बाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद परिवार लगातार उनकी तलाश करता रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
फॉरेंसिक जांच जारी, हर पहलू की पड़ताल
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों के सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।