Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

सड़क सुरक्षा माह 2026: स्कूल बस जांच शिविर, 230 बसों की जांच, 65 पर चालान

NTN REPORT// दुर्ग, 11 जनवरी 2026। सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज यातायात पुलिस दुर्ग एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से स्कूल बस जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस ग्राउंड, सेक्टर-06 भिलाई में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार आयोजित किया गया।

शिविर में जिले के 21 शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित कुल 230 स्कूल बसों की जांच की गई। जांच के दौरान 65 बसों में विभिन्न प्रकार की खामियां पाई गईं, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 50,900 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।जांच शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करना रहा। शिविर में सबसे पहले वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया गया, इसके बाद परिवहन विभाग द्वारा बसों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसमें वाहन का रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी, रोड टैक्स एवं वाहन चालक का लाइसेंस चेक किया गया।

इसके पश्चात स्कूल बसों की मैकेनिकल फिटनेस जांच की गई, जिसमें हेडलाइट, ब्रेक लाइट, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, बैक लाइट, मीटर, स्टीयरिंग, टायर, क्लच, एक्सीलेटर, सीटों की स्थिति, हॉर्न, वाइपर एवं वाहन के आगे-पीछे रिफ्लेक्टर की स्थिति की जांच की गई।

साथ ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर, प्रेशर हॉर्न, आपातकालीन खिड़की, स्कूल का नाम, टेलीफोन नंबर, चालक का मोबाइल नंबर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र तथा बस के आगे-पीछे ‘स्कूल बस’ अंकित है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।जांच के दौरान चालक एवं परिचालकों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई, जिसमें आंखों की जांच शामिल रही। इस दौरान 26 चालकों में आंखों से संबंधित समस्या पाई गई, जिन्हें चश्मा लगाने एवं आवश्यकतानुसार नंबर बढ़वाने की समझाइश दी गई।

यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो स्कूल बसें आज आयोजित जांच शिविर में उपस्थित नहीं हुई हैं, उन्हें परिवहन के दौरान सड़क पर रोककर जांच की जाएगी। साथ ही सभी स्कूल संचालकों को निर्देशित किया गया है कि पाई गई खामियों को दूर करने के बाद ही बसों का संचालन किया जाए।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!