Advertisment
Advertisment
रायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

अटल जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा—अटलजी के आदर्श आज भी सुशासन की राह दिखाते हैं

NTN REPORT// रायपुर, 25 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकहित के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सुशासन की स्थापना और जनकल्याण के व्यापक दृष्टिकोण के कारण वे देशवासियों के हृदय में सदैव अमर रहेंगे। वे केवल महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी चिंतक और करुणा से भरे जननायक थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का उनका संकल्प आज भी शासन-प्रशासन की नीतियों का केंद्रीय आधार है। यही भावना छत्तीसगढ़ सरकार की प्रत्येक योजना, कार्यक्रम और निर्णय को दिशा प्रदान कर रही है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में सुशासन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की आपूर्ति और जनविश्वास की पुनर्स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह संपूर्ण यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों और प्रेरणाओं से ऊर्जा प्राप्त करती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के आदर्शों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन और कार्य में आत्मसात करें तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएँ। इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!