Advertisment
Advertisment
राज्य/शहर

ग्वालियर किले पर विदेशी युवती के साथ आपत्तिजनक रील, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर राधे गुर्जर गिरफ्तार

NTN NEWS REPORT// ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ग्वालियर किले पर घूमने आई एक विदेशी युवती के साथ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए रील बनाने के आरोप में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर राधे गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद शहर में नाराजगी का माहौल है और सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फाइल फोटो

किले पर बनाई गई आपत्तिजनक रील

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर किले पर घूमने आई एक रशियन युवती से राधे गुर्जर ने बातचीत की और उसके साथ एक रील बनाई। आरोप है कि रील में इनफ्लुएंसर ने अपशब्दों का प्रयोग किया। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दिया गया।

वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि भारत घूमने आई विदेशी मेहमान के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल अशोभनीय है, बल्कि शहर और देश की छवि को भी नुकसान पहुंचाने वाला है।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई

मामला बढ़ने पर वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राधे गुर्जर को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वीडियो पहले ही सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया था और माफी भी मांग ली थी, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की गई।

सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि ग्वालियर में एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक विदेशी युवती के साथ अपशब्दों का प्रयोग किया गया था। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने भविष्य में इस तरह की हरकत न करने का आश्वासन दिया है।

धारा 151 के तहत कार्रवाई

पुलिस ने राधे गुर्जर के खिलाफ भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत कार्रवाई की है। यह धारा शांति भंग की आशंका की स्थिति में एहतियातन गिरफ्तारी से संबंधित है।

शहर में चर्चा का विषय बना मामला

इस घटना के बाद ग्वालियर शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस तरह की हरकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर आने वाले विदेशी मेहमानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि देश की सकारात्मक छवि बनी रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!