
महिला सुरक्षा को नई ताकत: जांजगीर में 31 मार्च को महिला थाना का शुभारंभ, साइबर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 30 मार्च 2026।
जिले में महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। 31 मार्च 2026 को जांजगीर में महिला थाना का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
11:35 बजे होगा महिला थाना का शुभारंभ

महिला थाना का शुभारंभ 31 मार्च को प्रातः 11:35 बजे पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज, बिलासपुर रामगोपाल गर्ग (IPS) के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। महिला संबंधित अपराधों की त्वरित सुनवाई, संवेदनशील जांच और पीड़ितों को सुरक्षित एवं सहानुभूतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस थाना की स्थापना की गई है।
पुलिस विभाग का मानना है कि महिला थाना के संचालन से महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
प्रेस प्रतिनिधियों से करेंगे सौहार्दपूर्ण भेंट
शुभारंभ कार्यक्रम के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक पुलिस कार्यालय जांजगीर में जिले के प्रेस प्रतिनिधियों से भेंट करेंगे। इस दौरान पुलिस विभाग की प्राथमिकताओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
दोपहर 1 बजे साइबर जागरूकता कार्यक्रम
दोपहर 01:00 बजे साइबर थाना परिसर, जांजगीर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों का अभिनंदन भी किया जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि नागरिक डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग कर सकें।
नागरिकों से सहभागिता की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करें तथा सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।