
NTN NEWS REPORT// रायगढ़, 30 मार्च 2026। रायगढ़ पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी और दो बैंकों में लूट के असफल प्रयास का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक संगठित आपराधिक गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 5 युवक और 1 विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चारपहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन, एक एयरबड्स सहित कुल 26 लाख 47 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में तीन अलग-अलग थानों के अपराधों का खुलासा हुआ है।
ऐसे खुली पूरे गिरोह की परतें
फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 15-16 मार्च को धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और 16-17 मार्च की रात जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी/लूट के प्रयास की घटनाएं सामने आईं।
घटनाओं के समान पैटर्न को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में अलर्ट जारी किया गया और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
CCTV और मुखबिर की सूचना बनी बड़ी कड़ी
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक हरीश पटेल के साथ मिलकर घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर पत्थलगांव निवासी मोह. अरसलान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मोबाइल दुकान चोरी और दोनों बैंकों में लूट के प्रयास की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के अन्य 5 सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह का सरगना मोह. अरसलान बताया गया है, जिसने अपने हमउम्र युवकों का नेटवर्क तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम दिया।
वारदात का तरीका: पहले रेकी, फिर सुनियोजित हमला
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले सड़क किनारे स्थित दुकानों और बैंकों की रेकी करता था।
- 15-16 फरवरी की रात ग्राम कुडुमकेला स्थित मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर 60 से अधिक मोबाइल, ब्लूटूथ स्पीकर, हेडफोन और नगदी चोरी की गई।
- चोरी का सामान कार में भरकर जंगल में छिपाया गया था, जिसे बाद में बेचने की योजना थी।
- 15 मार्च को धरमजयगढ़ ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोपी बैंक का CCTV सिस्टम उखाड़ ले गए।
- 16 मार्च को जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में भी लूट का प्रयास किया गया, परंतु पुलिस की सक्रियता से आरोपी वॉल्ट नहीं तोड़ सके। यहां भी CCTV सिस्टम निकाल लिया गया था।
तीन थानों में दर्ज हुए अपराध
- थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस
- थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस
- संगठित आपराधिक षड्यंत्र के तहत धारा 112(2), 61(2), 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई
आरोपियों को घरघोड़ा न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेजा गया है। अन्य मामलों में संबंधित थानों द्वारा पृथक कार्रवाई की जाएगी।
बरामद संपत्ति
- मारुति सियाज कार (CG-17-KN-2212)
- महिंद्रा XUV-500 (CG-04-KZ-5674)
- 60 नए/पुराने मोबाइल फोन
- 1 एयरबड्स
- कुल बरामदगी: 26,47,100 रुपये
गिरफ्तार आरोपी
- मोह. अरसलान (19 वर्ष), निवासी पत्थलगांव, जिला जशपुर
- करण महंत (30 वर्ष), निवासी ग्राम बांसाझार, जिला रायगढ़
- अलतमस खान (19 वर्ष), निवासी पत्थलगांव, जिला जशपुर
- जॉनसन बेक (19 वर्ष), निवासी बोटराकछार, जिला जशपुर
- कवलेश यादव (19 वर्ष), निवासी मेनपाट, जिला सरगुजा
- एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरे ऑपरेशन में थाना घरघोड़ा पुलिस, साइबर सेल तथा स्थानीय नागरिक कालिया गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से संगठित अपराध पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस टीम ने पेशेवर तरीके से संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और बैंकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के अपराधों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।