Advertisment
मनोरंजन

नेहल वडोलिया ने करण जोशी पर लगाए अश्लील मैसेज भेजने के आरोप, चैट्स और स्क्रीनशॉट्स शेयर कर मांगा सबूत

NTN REPORT// मुंबई। टेलीविजन और ओटीटी इंडस्ट्री की बोल्ड एक्ट्रेस नेहल वडोलिया ने अभिनेता करन जोशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेहल का दावा है कि करण ने उन्हें इंस्टाग्राम पर अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजे थे। इस विवाद ने सोशल मीडिया पर बड़ा रूप ले लिया है और दोनों कलाकारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

सोर्स, सोशल मीडिया

नेहल ने वीडियो शेयर कर दिखाई चैट्स

नेहल वडोलिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक नया वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने करण जोशी के साथ हुई कथित इंस्टाग्राम चैट्स और स्क्रीनशॉट्स साझा किए। वीडियो के कैप्शन में नेहल ने लिखा कि अब सबूत सामने हैं और लोग खुद तय करें कि सच क्या है।

नेहल ने अपने पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा कि अगर करण का इंस्टाग्राम अकाउंट वास्तव में हैक हुआ था, तो वे इसका ठोस सबूत क्यों नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चैट्स में डिसअपियरिंग मैसेज फीचर ऑन नहीं था, जिससे बातचीत का रिकॉर्ड सुरक्षित रहा।

27 जनवरी 2026 की चैट का भी किया जिक्र

वीडियो में नेहल ने 27 जनवरी 2026 को करण के एक दोस्त के साथ हुई बातचीत का स्क्रीनशॉट भी दिखाया। उन्होंने कहा कि इससे साफ होता है कि करण का “अकाउंट हैक” होने वाला दावा सही नहीं है।

नेहल ने आरोप लगाया कि करण सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों को भी इसी तरह के आपत्तिजनक मैसेज भेज चुके हैं। उन्होंने कई स्क्रीनशॉट्स दिखाकर दावा किया कि उनके पास पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद

यह मामला तब चर्चा में आया जब नेहल वडोलिया ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया कि साल 2026 की शुरुआत में करण जोशी ने उन्हें अश्लील मैसेज भेजे थे। नेहल ने सोशल मीडिया पर वीडियो और चैट्स शेयर करते हुए कहा था कि शुरुआत में करण इन मैसेजेस का जिम्मेदार किसी दोस्त को बता रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने अकाउंट हैक होने की बात कही।

नेहल ने यह भी आरोप लगाया कि करण ने कुछ प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और कॉमन फ्रेंड्स के जरिए उन पर दबाव बनाने की कोशिश की ताकि वह पोस्ट डिलीट कर दें और इस मुद्दे पर चुप रहें।

करण जोशी ने क्या कहा

करण जोशी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रमोशनल फेज के दौरान उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था। उन्होंने दावा किया कि यह मामला पहले ही एक ग्रुप कॉल के जरिए निजी तौर पर सुलझा लिया गया था।

करण ने कहा कि इस विवाद का असर उनके परिवार और निजी जीवन पर पड़ा है और उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

अब तक पुलिस शिकायत नहीं

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया तक ही सीमित है, लेकिन लगातार सामने आ रहे दावों और स्क्रीनशॉट्स के कारण मामला सुर्खियों में बना हुआ है।

कौन हैं नेहल वडोलिया

नेहल वडोलिया हिंदी और गुजराती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कई बोल्ड और चर्चित शोज में काम किया है। उन्हें “गंदी बात 3”, “जूली” और “रसीली पड़ोसन” जैसे प्रोजेक्ट्स से पहचान मिली। इसके अलावा वह लोकप्रिय टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में नेहा नाम के किरदार में नजर आ चुकी हैं, जो बाबिता की दोस्त के रूप में दिखाई गई थीं।

डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!