क्या शादी करने जा रहे हैं अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन? जानिए वायरल खबर की पूरी सच्चाई
NTN REPORT// दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया और कई फैन पेजों पर दोनों की शादी को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं। खबरों में कहा जा रहा है कि काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि, अब तक दोनों परिवारों या संबंधित सितारों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सोशल मीडिया पर तेज हुई शादी की चर्चा
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें तेजी से वायरल हुई हैं कि आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ और को-ओनर काव्या मारन तथा सिंगर-कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और परिवार भी इस रिश्ते के लिए राजी हो चुका है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दोनों इस साल के अंत तक शादी कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी स्पेन में आयोजित किए जाने की चर्चा है, जबकि इसके बाद चेन्नई में एक भव्य रिसेप्शन रखा जा सकता है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
अब तक नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
शादी की चर्चाओं के बीच सबसे अहम बात यह है कि ना तो अनिरुद्ध रविचंदर और ना ही काव्या मारन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। दोनों ने अब तक इन खबरों की पुष्टि नहीं की है और ना ही सार्वजनिक रूप से इन अफवाहों का खंडन किया है।
यह पहली बार भी नहीं है जब दोनों के रिश्ते की चर्चा सामने आई हो। इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर दोनों की शादी और रिलेशनशिप को लेकर अफवाहें उड़ चुकी हैं। पिछली बार जब ऐसी खबरें वायरल हुई थीं, तब अनिरुद्ध रविचंदर ने फैंस से अपील की थी कि अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करें।
कौन हैं काव्या मारन?
कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन देश के प्रतिष्ठित ‘मारन परिवार’ से संबंध रखती हैं। उनके पिता सन ग्रुप के चेयरमैन हैं, जबकि उनकी मां कावेरी मारन सन टीवी नेटवर्क की सीईओ हैं। काव्या के चाचा दयानिधि मारन भी भारतीय राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं।
यूके से एमबीए की पढ़ाई करने वाली काव्या मारन साल 2018 से सनराइज हैदराबाद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। आईपीएल मैचों के दौरान उनकी मौजूदगी और टीम के प्रति जुनून अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनता है।
दक्षिण भारतीय संगीत जगत का बड़ा नाम हैं अनिरुद्ध
अनिरुद्ध रविचंदर तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय म्यूजिक कंपोजर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में संगीत दिया है और अपने गानों के जरिए देशभर में खास पहचान बनाई है।
अनिरुद्ध अब तक कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुके हैं, जिनमें फिल्मफेयर अवॉर्ड साउथ और SIIMA अवॉर्ड्स शामिल हैं। उनकी संगीत शैली युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती है।
फैन्स कर रहे आधिकारिक घोषणा का इंतजार
काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल जरूर बढ़ा दी है, लेकिन फिलहाल इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फैन्स अब दोनों की ओर से किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।