
राहौद में दिनदहाड़े ₹2.50 लाख की लूट, दो अज्ञात युवकों ने छीना नगदी से भरा थैला
बैंक से रकम निकालकर लौट रहे व्यक्ति से दो अज्ञात युवकों ने छीना नगदी से भरा थैला, CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज
NTN REPORT// राहौद, 13 फरवरी 2026। क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। वार्ड क्रमांक 14, राहौद बस्ती में दो अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति से नगदी से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। घटना दोपहर लगभग 2:50 बजे की बताई जा रही है।
बैंक से निकाले थे ढाई लाख रुपये
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोपेश्वर कुमार पटेल (50 वर्ष), निवासी राहौद ने 13 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 12:00 बजे की पामगढ़ शाखा से ₹2,50,000 (ढाई लाख रुपये) नगद आहरित किए थे। बताया गया है कि उक्त राशि ग्राम राहौद निवासी श्याम चंदेल से घरेलू कार्य के लिए उधार ली गई थी, जिसके लिए श्याम चंदेल द्वारा गोपेश्वर कुमार पटेल के नाम से चेक प्रदान किया गया था।

दोपहर लगभग 1:00 बजे से 2:00 बजे के मध्य बैंक से राशि निकालने के बाद बैंक परिसर में उनकी मुलाकात अपने परिचित मिथिलेश नामक व्यक्ति से हुई। दोनों साथ में राहौद वापस आए।
साइकिल के हैंडल में टंगा था रुपयों से भरा थैला
राहौद पहुंचने के बाद गोपेश्वर कुमार पटेल ने ग्रामीण बैंक के पास पूर्व में खड़ी अपनी साइकिल ली। नगदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर वे अपने घर की ओर रवाना हुए।
इसी दौरान दो तालाबों के मध्य मार्ग में सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक साइकिल रोककर थैला छीनने का प्रयास किया। देखते ही देखते आरोपी नगदी से भरा थैला छीनकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की नाकेबंदी
घटना की सूचना प्रार्थी द्वारा तत्काल राहौद पुलिस को दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सके।
पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है तथा आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पातासाजी की जा रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर तलाश
घटना से संबंधित संदिग्ध युवकों की तस्वीरें CCTV फुटेज से प्राप्त हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। आसपास के मार्गों और बाजार क्षेत्र के कैमरों की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से राहौद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने बाजार एवं बैंक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगाई गई है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है।