
जांजगीर में धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की तत्परता से टली संभावित वारदात, दो हथियार जब्त कर भेजा गया जेल
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 13 फरवरी 2026।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को किसी गंभीर घटना को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया और उनके कब्जे से दो नग धारदार हथियार जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपी
- दिनेश राठौर, पिता छोटे लाल राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी नेताजी चौक जांजगीर
- सूरज राठौर, पिता राजेंद्र राठौर, उम्र 28 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती जांजगीर
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) द्वारा पूर्व में थाना प्रभारियों की बैठक लेकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर निकली थी
मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों से धरपकड़
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो धारदार हथियार बरामद किए गए।
पुलिस की सक्रियता के चलते एक संभावित गंभीर वारदात टल गई और क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश को समय रहते विफल कर दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक विनोद राठौर, नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत एवं दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।
असामाजिक तत्वों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में असामाजिक तत्वों, हथियार लहराने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।