Advertisment
राज्य/शहर

कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, रेल मंत्री से चर्चा में संयुक्त उपक्रम मॉडल पर बनी सहमति

NTN REPORT// नई दिल्ली/रायपुर, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार और लंबे समय से लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर प्रदेश की रेल परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन परियोजना को रेल मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) के माध्यम से विकसित करने पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रस्तावित रेल लाइन लगभग 295 किलोमीटर लंबी होगी, जो कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से प्रदेश के कई क्षेत्रों को नई रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और आवागमन की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रेल परियोजना से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार एवं कृषि क्षेत्र को नई संभावनाएं प्राप्त होंगी तथा खनिज परिवहन अधिक सुगम और किफायती होगा। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलने और जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। राज्य सरकार आधुनिक अधोसंरचना के विकास और बेहतर रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वित रूप से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई गति मिल रही है। राज्य सरकार प्रदेश को मजबूत रेल नेटवर्क, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और समावेशी विकास के माध्यम से प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!