
धान खरीदी के दौरान किसानों की सुरक्षा के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी का सीजन प्रारंभ हो चुका है। इसी के साथ किसानों के खातों में वर्षभर की मेहनत की कमाई आने का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे समय में अपराधी सक्रिय हो जाते हैं, जिसके मद्देनज़र पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS ने किसानों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
उठाए गिरोह से सावधान रहें
धान खरीदी के समय उठाए गिरोह सबसे अधिक सक्रिय रहते हैं। ये ज्यादातर ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कापू, कंडराजा और पत्थलगांव क्षेत्रों से आकर आसपास के जिलों में घूमते हैं।
इनका तरीका बेहद तेज और भ्रामक होता है—
बैंक में फॉर्म भरवाने के दौरान ध्यान भटकाकर पैसा ले जाना, रोड पर गाड़ी की सीट पर गंदगी डालकर बहाना बनाना और बैग चोरी करना, वाहन की डिक्की खोलकर रखा पैसा चोरी कर लेना
पुलिस की सलाह:
बैंक में लेन-देन के लिए हमेशा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ लेकर जाएँ। फॉर्म स्वयं भरें या सिर्फ बैंक के अधिकृत स्टाफ से ही भरवाएं। पैसा निकालते ही सीधे घर लौटें, रास्ते में अनावश्यक रुकने से बचें। कोई संदिग्ध व्यक्ति पीछा करता दिखे या रोकने की कोशिश करे तो तुरंत 112 पर कॉल करें।
ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए विशेष अलर्ट
धान खरीदी के समय साइबर ठग भी अत्यधिक सक्रिय रहते हैं। अपराधी निम्न तरीकों से ठगी करते हैं— ओटीपी पूछकर, पैन कार्ड अपडेट का झांसा देकर , बैंक खाता बंद होने या समस्या बताकर , वॉइस क्लोनिंग से परिचित की आवाज में पैसे मांगकर
पुलिस की चेतावनी:
बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, कार्ड नंबर, CVV, एक्सपायरी डेट या खाते की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। यदि किसी परिचित की आवाज में पैसे मांगे जाएं, तो तुरंत स्वयं कॉल करके सत्यापन करें। बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन न करें।
किसानों के लिए पुलिस की अपील
किसान भाइयों, आपकी मेहनत की कमाई अमूल्य है। इसे सुरक्षित रखने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय है।
पुलिस आपका पूरा सहयोग कर रही है, लेकिन आपकी जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।
यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखे,
तुरंत 112 या निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।