Advertisment
Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

रायगढ़ : शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक दुष्कर्म, आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

NTN REPORT// रायगढ़, 25 अप्रैल 2026। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तमनार पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को संवेदनशील और सख्त रवैये का उदाहरण माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तमनार क्षेत्र की 26 वर्षीय युवती ने 22 अप्रैल 2026 को ग्राम सराईडीपा निवासी पृथ्वीराज चौहान (22 वर्ष) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी के साथ उसका करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह का भरोसा दिलाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

पीड़िता के मुताबिक, जब उसने आरोपी को गर्भवती होने और विवाह की बात बताई, तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। बार-बार कहने के बावजूद आरोपी के मुकरने पर पीड़िता को अपने साथ हुए छल और शोषण का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने परिजनों से सलाह लेकर थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने महिला विवेचक के माध्यम से पीड़िता की एफआईआर और कथन दर्ज कराए तथा तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विधिसम्मत जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित, सख्त और संवेदनशील कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला संबंधी अपराध अत्यंत गंभीर हैं और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें, हर शिकायत पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!