Advertisment
Advertisment
राजनीति

सेरामपुर रैली में राहुल गांधी का तिहरा हमला: BJP-RSS, मोदी और ममता बनर्जी पर साधा निशाना

NTN REPORT// सेरामपुर/हुगली (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हुगली जिले के सेरामपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रधानमंत्री और राज्य की मुख्यमंत्री पर एक साथ तीखा हमला बोला।

फाइल फोटो

“दो विचारधाराओं की लड़ाई”

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में इस समय दो अलग-अलग विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है। उनके अनुसार, एक तरफ कांग्रेस है जो संविधान, एकता और भाईचारे की बात करती है, जबकि दूसरी ओर BJP और RSS हैं, जो नफरत, हिंसा और अहंकार फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि RSS-BJP जहां भी जाते हैं, समाज को बांटने का काम करते हैं।


भारत जोड़ो यात्रा बनाम ‘भारत तोड़ो’ आरोप

राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना” था। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की यात्राओं को “भारत तोड़ो यात्रा” करार देते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश को बांटने का काम कर रही है।


मोदी सरकार और ट्रंप को लेकर बड़ा आरोप

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन असल में अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रभाव में काम करते हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते में देश के कृषि क्षेत्र, छोटे और मझोले उद्योग, ऊर्जा सुरक्षा और डेटा को नुकसान पहुंचाया गया। राहुल ने कहा कि कोई भी प्रधानमंत्री बिना दबाव के ऐसा निर्णय नहीं ले सकता।


“मेरे खिलाफ 36 केस, ममता पर एक भी नहीं”

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके खिलाफ 36 मामले दर्ज किए गए हैं और ईडी ने उनसे 55 घंटे तक पूछताछ की। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी लोकसभा सदस्यता छीनी गई और उन्हें जमानत पर रहना पड़ रहा है।

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि ममता बनर्जी पर कितने केस हैं, उनसे कितनी पूछताछ हुई या सीबीआई ने उनकी जांच की या नहीं। उनका दावा था कि “जवाब शून्य है” और इसका कारण यह है कि ममता BJP से सीधी लड़ाई नहीं लड़तीं।


TMC सरकार पर भ्रष्टाचार और उद्योग बंद होने के आरोप

राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में नौकरी पाने के लिए राजनीतिक संबंध जरूरी हो गए हैं।

उन्होंने की बंद पड़ी फैक्ट्री हिंदुस्तान मोटर्स का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी औद्योगिक केंद्र रहा बंगाल पहले वामपंथी शासन और फिर TMC सरकार में बर्बाद हो गया।

इसके अलावा उन्होंने श्रद्धा स्कैम और रोज वैली स्कैम जैसे घोटालों, कोयला तस्करी और अवैध खनन का मुद्दा उठाया। राहुल ने आरोप लगाया कि राज्य में हर काम पर “गुंडा टैक्स” लिया जाता है।


स्वतंत्रता सेनानियों का जिक्र

राहुल गांधी ने अपने भाषण में सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी , जवाहरलाल नेहरू,और सरदार वल्लभ भाई पटेल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेताओं ने कभी किसी के आगे झुकने का काम नहीं किया।


राजनीतिक माहौल गरमाया

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले राहुल गांधी की इस रैली ने राज्य की सियासत को और गरमा दिया है। कांग्रेस, BJP और TMC के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे आगामी चरणों में चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!