
कोलकाता में भारत की शानदार जीत, वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा
NTN REPORT// कोलकाता। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 52वां मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के मैदान पर खेला गया। रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। वहीं इस हार के साथ वेस्टइंडीज का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
टॉस जीतकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवर में 196 रन बनाए और भारत के सामने 197 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम ने यह लक्ष्य 20वें ओवर में हासिल कर लिया। अब भारत का सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को इंग्लैंड के साथ मुंबई में खेला जाएगा।
संभली शुरुआत, फिर दिखा सैमसन का दम
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने की। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी शुरू की, लेकिन तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पांचवें ओवर में ईशान किशन भी 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 53/2 था। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन के बीच अहम साझेदारी हुई। दोनों ने तेजी से रन जोड़े और जोखिम भरे शॉट भी खेले। इसी दौरान सैमसन ने केवल 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 10 ओवर में टीम का स्कोर 98/2 तक पहुंचा दिया।
मध्य ओवरों में साझेदारियों ने दिलाई मजबूती
सूर्यकुमार यादव और सैमसन के बीच 58 रनों की साझेदारी 11वें ओवर में टूटी, जब सूर्यकुमार 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा और सैमसन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 25 गेंदों में 42 रनों की तेज साझेदारी हुई।
15वें ओवर में तिलक वर्मा 15 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक भारत मैच में मजबूती से बना हुआ था।
आखिरी 5 ओवर का रोमांच
आखिरी 5 ओवर में भारत को जीत के लिए 50 रनों की जरूरत थी। संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद थे।
16वें ओवर में दोनों ने 14 रन जोड़े। 17वें ओवर में 11 रन बने और 18 गेंदों में 25 रनों की जरूरत रह गई। 18वें ओवर में भारत ने 8 रन बनाए, जिसके बाद 12 गेंदों में 17 रन चाहिए थे।
19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हो गए, लेकिन टीम ने इस ओवर में 10 रन बटोर लिए। आखिरी ओवर में भारत को 7 रनों की दरकार थी, जिसे संजू सैमसन ने दो गेंदों में ही पूरा कर मैच भारत की झोली में डाल दिया।
सैमसन की नाबाद 97 रन की पारी
संजू सैमसन ने इस मुकाबले में 50 गेंदों पर नाबाद 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।