
छग का ‘संकल्प बजट 2026-27’ 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में मजबूत कदम : भूपेंद्र सवन्नी
NTN REPORT// जांजगीर। वरिष्ठ भाजपा नेता व क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने जांजगीर प्रवास के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ सरकार का ‘संकल्प बजट 2026-27’ राज्य को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने के दीर्घकालिक लक्ष्य से जोड़ा गया है। उन्होंने इसे “विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़” की आधारशिला बताया।
भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि यह बजट केवल वार्षिक आय-व्यय का दस्तावेज नहीं है, बल्कि आने वाले 20 से 22 वर्षों की व्यापक विकास रूपरेखा का प्रारंभिक चरण है। इसमें राज्य के समग्र और संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होंगे। इस अवसर तक छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर, उद्योग एवं निवेश का प्रमुख केंद्र, कृषि क्षेत्र में आधुनिक और समृद्ध, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त तथा मजबूत आधारभूत संरचना वाला राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सवन्नी ने बजट को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्योग क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे राज्य की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल, अमर सुल्तानिया, नंदनी रजवाड़े, पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, अनिल शर्मा, प्रदीप शराफ, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, विवेका गोपाल, राकेश रुपवानी, सुशील सिंह और सतीश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।