Advertisment
खेल

ICC के नए नियमों से बदल जाएगी क्रिकेट की तस्वीर! टेस्ट में एक साथ दिखेंगी लाल और गुलाबी गेंद, T20 और ODI में भी बड़े बदलाव की तैयारी

NTN REPORT// क्रिकेट की दुनिया में जल्द ही कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC प्लेइंग कंडीशन्स में बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रही है. इन प्रस्तावों को लेकर क्रिकेट जगत में काफी चर्चा शुरू हो गई है।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC इन बदलावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है और 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली बोर्ड मीटिंग में इन्हें मंजूरी मिल सकती है. अगर प्रस्ताव पास हो जाते हैं, तो नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू किए जा सकते हैं।

फाइल फोटो

टेस्ट क्रिकेट में पहली बार एक ही मैच में दिख सकती हैं लाल और गुलाबी गेंद

ICC का सबसे बड़ा और चर्चित प्रस्ताव टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार, यदि किसी टेस्ट मैच में खराब मौसम, कम रोशनी या फ्लडलाइट्स में खेल जारी रखने की जरूरत पड़ती है, तो दोनों टीमों की सहमति से लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया जा सकता है.

इसका मतलब यह होगा कि पहली बार किसी एक टेस्ट मैच में रेड बॉल और पिंक बॉल दोनों का उपयोग देखने को मिल सकता है. फिलहाल डे-नाइट टेस्ट मैचों में केवल गुलाबी गेंद का इस्तेमाल होता है, जबकि पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट लाल गेंद से खेला जाता है।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मैच के बीच गेंद बदलने की प्रक्रिया क्या होगी और इसका बल्लेबाजों व गेंदबाजों पर क्या असर पड़ेगा. लेकिन ICC इस बदलाव को लेकर गंभीर नजर आ रही है.

ODI क्रिकेट में मैदान पर उतर सकेंगे हेड कोच

ICC वनडे क्रिकेट में भी बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है. नए प्रस्ताव के तहत अब ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हेड कोच को मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बातचीत करने की अनुमति दी जा सकती है।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

मौजूदा नियमों के अनुसार सिर्फ सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी ही ड्रिंक्स लेकर मैदान पर जा सकते हैं. हालांकि T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कोच को पहले से यह अनुमति मिली हुई है.

अगर यह नियम लागू होता है, तो वनडे मैचों में भी रणनीतिक चर्चाएं सीधे मैदान पर देखने को मिल सकती हैं, जिससे मैच के दौरान टीमों की रणनीति में तेजी से बदलाव संभव होगा.

T20 क्रिकेट को और तेज बनाने की तैयारी

ICC T20 इंटरनेशनल क्रिकेट को और तेज और दर्शकों के लिए ज्यादा रोमांचक बनाने की दिशा में भी काम कर रही है. प्रस्ताव के मुताबिक, अब दोनों पारियों के बीच मिलने वाला 20 मिनट का ब्रेक घटाकर 15 मिनट किया जा सकता है.

इस बदलाव के बाद खिलाड़ियों को आराम, रणनीति और तैयारी के लिए पहले की तुलना में 5 मिनट कम समय मिलेगा. माना जा रहा है कि इससे मैच जल्दी खत्म होंगे और प्रसारण शेड्यूल को भी बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा.

संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन पर सख्ती बढ़ाएगी ICC

ICC अब संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन यानी चकिंग के मामलों पर भी सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है. प्रस्ताव है कि ऑन-फील्ड अंपायरों को Hawk-Eye डेटा इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाए, ताकि मैच के दौरान ही गेंदबाज के एक्शन की जांच की जा सके।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

अगर यह नियम लागू होता है, तो गेंदबाजी एक्शन को लेकर होने वाले विवादों पर काफी हद तक लगाम लग सकती है और फैसलों में ज्यादा पारदर्शिता आएगी.

सौरव गांगुली भी रहे चर्चा का हिस्सा

बताया जा रहा है कि इन सभी प्रस्तावों पर ICC चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी (CEC) की वर्चुअल मीटिंग में चर्चा हुई. इस बैठक में ICC क्रिकेट कमेटी के चेयरमैन सौरभ गांगुली भी शामिल हुए थे.

अब क्रिकेट फैंस की नजर 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली ICC बोर्ड मीटिंग पर टिकी हुई है, जहां इन ऐतिहासिक बदलावों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!