नौतपा 2026: सूर्य-मंगल के अग्नि संयोग से पड़ेगी भीषण लू, इन 3 राशियों की चमकेगी किस्मत!
NTN REPORT// 25 मई से शुरू हो रहा नौतपा इस बार केवल भीषण गर्मी ही नहीं, बल्कि ज्योतिषीय दृष्टि से भी कई बड़े बदलाव लेकर आने वाला है. सूर्य देव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ धरती पर तपन अपने चरम पर पहुंच सकती है. खास बात यह है कि इस बार सूर्य के साथ अग्नि तत्व प्रधान ग्रह मंगल का प्रभाव भी देखने को मिलेगा, जिससे लू और गर्म हवाओं का असर अधिक प्रचंड रहने की संभावना जताई जा रही है।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, सूर्य देव 25 मई, सोमवार की शाम 03:38 बजे रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 8 जून तक इसी नक्षत्र में विराजमान रहेंगे. सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही शुरुआती 9 दिनों को नौतपा कहा जाता है. मान्यता है कि इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है.
सूर्य और मंगल का दुर्लभ अग्नि संयोग बढ़ाएगा गर्मी
इस बार नौतपा सामान्य वर्षों की तुलना में अधिक तीव्र रहने की संभावना है. इसकी बड़ी वजह मंगल ग्रह का मेष राशि में गोचर माना जा रहा है. 11 मई को मंगल अपनी स्वराशि मेष में प्रवेश कर चुके हैं. ज्योतिष शास्त्र में सूर्य और मंगल दोनों को अग्नि तत्व का ग्रह माना जाता है.
ऐसे में सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश और मंगल का मेष राशि में होना एक शक्तिशाली अग्नि संयोग बना रहा है. ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, इसका असर देशभर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और भीषण लू के रूप में देखने को मिल सकता है.
नौतपा के दौरान ग्रहों की बड़ी हलचल
नौतपा के 9 दिनों के दौरान कई प्रमुख ग्रह अपनी चाल बदलेंगे, जिसका प्रभाव मौसम और राशियों दोनों पर पड़ने वाला है.
26 मई
बुध ग्रह का पश्चिम दिशा में उदय होगा.
29 मई
बुध ग्रह मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे.
इसी दिन मंगल ग्रह भरणी नक्षत्र में गोचर करेंगे.
31 मई
शुक्र ग्रह पुनर्वासु नक्षत्र में प्रवेश करेंगे.
केतु मघा नक्षत्र में गोचर करेंगे.
1 जून
देवगुरु बृहस्पति मध्य रात्रि में कर्क राशि में प्रवेश करेंगे.
2 जून
बुध ग्रह आर्द्रा नक्षत्र में गोचर करेंगे.
इन 3 राशियों के लिए बेहद शुभ रहेगा नौतपा
1. वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए नौतपा का समय आर्थिक मजबूती लेकर आ सकता है. प्रोफेशनल लाइफ में बड़ी सफलता मिलने के योग बन रहे हैं. नौकरी और व्यापार दोनों में लाभ मिलने की संभावना है. विरोधियों पर विजय प्राप्त होगी और रुके हुए कार्यों में गति आएगी.
2. कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए यह समय करियर में बड़ा बदलाव ला सकता है. कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. नौकरी में सम्मान बढ़ेगा और जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा. लंबे समय से अटके कार्य पूरे होने की संभावना है.
3. वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए नौतपा सफलता और तरक्की के नए रास्ते खोल सकता है. करियर में सुनहरे अवसर मिलेंगे. नौकरी में प्रमोशन के योग बन रहे हैं, जबकि व्यापार में अच्छा मुनाफा हो सकता है. पुराने अटके काम पूरे होंगे और आत्मविश्वास बढ़ेगा.
भीषण गर्मी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
ज्योतिषीय दृष्टि से यह समय जहां कई राशियों के लिए शुभ संकेत दे रहा है, वहीं मौसम के लिहाज से सावधानी बरतना भी बेहद जरूरी है. विशेषज्ञों के अनुसार, नौतपा के दौरान तापमान में तेज बढ़ोतरी, लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह समाचार ज्योतिषीय मान्यताओं और प्राप्त जानकारी पर आधारित है। यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।