
मकर संक्रांति पर हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कालोनी में विशाल हिन्दू संगम
सुंदरकांड पाठ, प्रेरक उद्बोधन और भारत माता की आरती से भक्तिमय हुआ वातावरण
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चाम्पा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में भव्य हिन्दू संगम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्ति और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरा वातावरण भक्ति, राष्ट्रभाव और सामाजिक समरसता से ओत-प्रोत नजर आया।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति : कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूतपूर्व सैनिक धनेश्वर राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधान पाठक गणेशराम सूर्यवंशी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सहायक संचालक रेशम विभाग कृष्ण गोपाल गुरुदेव एवं पशु चिकित्सा विभाग से डॉक्टर श्याम लाल खैरवार शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ छत्तीसगढ़ प्रांत अभयराम कुंभकार रहे।

सुंदरकांड पाठ से हुई शुरुआत : कार्यक्रम का शुभारंभ शिव मानस मंडली के द्वारा सुंदरकांड पाठ से किया गया, जिसमें सभी अतिथियों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई और भक्ति रस का आनंद लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधि आए आगंतुक भक्ति भाव में डूबे नजर आए।
सुंदरकांड पाठ के पश्चात भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा हिन्दू संगम के उद्देश्य पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिए गए।
सामाजिक एकता और समरसता पर दिया मार्गदर्शन : वक्ताओं ने हिन्दू समाज की एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार रखे। समाज को संगठित रहकर सकारात्मक दिशा में कार्य करने का आह्वान किया गया।
पंचतत्व, पर्यावरण और राष्ट्रधर्म पर प्रभावी संबोधन : मुख्य वक्ता अभयराम कुंभकार ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में पंचतत्व के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और देश के प्रति कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से बचने, पर्यावरण संरक्षण अपनाने और स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनके विचारों का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
भारत माता की भव्य आरती : कार्यक्रम के अंत में भारत माता की भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। मंदिर के पुजारी रामजी त्रिपाठी द्वारा आरती के दौरान जयघोष करवाया गया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
आभार प्रदर्शन और भंडारा आयोजन : समिति की ओर से संजय दुबे ने कार्यक्रम की समाप्ति पर आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की। श्रद्धालुओं ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा जताई।
सम्मेलन के संयोजक निलेश तिवारी, सह संयोजक विकास कौशिक, जवाहर यादव रहे।