
रोजगार, कौशल और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में ऐतिहासिक पहल, हेल्थकेयर में कौशल विकास हेतु राज्य सरकार और सत्य साईं ट्रस्ट के बीच एमओयू
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 1 जनवरी 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण एवं सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के बीच हेल्थकेयर सेक्टर में कौशल विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह एमओयू राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन के निर्माण तथा युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करने की दिशा में एक बड़ा और दूरगामी कदम माना जा रहा है। इसके अंतर्गत हेल्थकेयर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
हेल्थकेयर प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना पर जोर
समझौते का मुख्य उद्देश्य राज्य में हेल्थकेयर प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना, युवाओं के कौशल उन्नयन और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित जनशक्ति तैयार करना है। इन केंद्रों के माध्यम से आवासीय एवं गैर-आवासीय दोनों प्रकार के निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे।
चार प्रमुख कोर्स होंगे संचालित
एमओयू के तहत हेल्थकेयर सेक्टर के चार प्रमुख प्रशिक्षण कोर्स संचालित किए जाएंगे, जिनमें—
- मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी
- कार्डियोलॉजी टेक्निशियन
- ईसीजी टेक्निशियन
- कार्डियक केयर टेक्निशियन एवं इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन
शामिल हैं।
ये कोर्स युवाओं को विशेषज्ञ तकनीकी दक्षता प्रदान कर स्वास्थ्य क्षेत्र में सशक्त करियर के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
कौशल विकास विकास की रीढ़ : मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास को विकास की रीढ़ मानती है। विशेष रूप से हेल्थकेयर सेक्टर की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करने पर सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी, बल्कि युवाओं के लिए व्यापक रोजगार संभावनाओं का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह पहल राज्य के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। प्रशिक्षित युवा अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों और आपातकालीन सेवाओं में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष सी. श्रीनिवास सहित ट्रस्ट के प्रतिनिधि एवं कौशल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह समझौता छत्तीसगढ़ में हेल्थकेयर और कौशल विकास के क्षेत्र में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे युवाओं के भविष्य और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।