
स्वास्थ्य पेंशनरों ने आर.के. थवाईत पर फिर जताया भरोसा, दूसरी बार निर्विरोध बने अध्यक्ष; जांजगीर में होगी सार्वजनिक शिव महापुराण कथा
NTN REPORT// बिलासपुर। संभागीय स्वास्थ्य पेंशनर कल्याण संघ, बिलासपुर संभाग की वर्ष 2025-26 की वार्षिक आमसभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन 15 जुलाई 2026 को परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, नए अध्यक्ष का निर्वाचन, स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का सम्मान किया गया। साथ ही जांजगीर में सार्वजनिक श्री शिव महापुराण कथा आयोजन, पेंशनर सामुदायिक भवन निर्माण और संगठन के राज्य स्तरीय विस्तार जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।

आर.के. थवाईत दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
संघ के महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के बाद अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया संघ के संरक्षक डॉ. जवाहर लाल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारी के रूप में डॉ. जवाहर लाल श्रीवास्तव तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में के.एस. ठाकुर ने प्रक्रिया संपन्न कराई।
सदस्य अविनाश शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए आर.के. थवाईत के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका एस.के. पाण्डेय सहित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने आर.के. थवाईत को आगामी तीन वर्षों के लिए निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने पुष्पमालाओं से उनका स्वागत कर बधाई दी।
युवा सदस्यों को संगठन में मिलेगी जिम्मेदारी
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर.के. थवाईत ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही संभागीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। नई टीम में सक्रिय एवं अपेक्षाकृत कम आयु के सेवानिवृत्त सदस्यों को भी जिम्मेदारी देकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वे अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव तथा छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। फेडरेशन का मुख्यालय फरीदाबाद (हरियाणा) में स्थित है।
29 सितंबर को देशभर में धरना, दिसंबर में दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन
आर.के. थवाईत ने बताया कि पेंशनरों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए 29 सितंबर 2026 को देशभर के जिला मुख्यालयों में 24 घंटे का धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 12 दिसंबर को दिल्ली में विशाल रैली तथा 13 दिसंबर को अखिल भारतीय पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त नागरिकों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा।
बिलासपुर और जांजगीर में बनेगा पेंशनर सामुदायिक भवन
बैठक में जानकारी दी गई कि बिलासपुर और जांजगीर में पेंशनर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य पेंशनर कल्याण संघ का विस्तार राज्य स्तर तक करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
जांजगीर में 3 से 10 अगस्त तक होगी सार्वजनिक श्री शिव महापुराण कथा
संघ ने श्रावण मास के अवसर पर 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक जांजगीर में सर्व पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत्त एवं सेवारत अधिकारी-कर्मचारियों तथा जनकल्याण के उद्देश्य से सार्वजनिक श्री शिव महापुराण कथा आयोजित करने की घोषणा की। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता की उम्मीद जताई गई।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों और 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का सम्मान
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में स्वास्थ्य विभाग से हाल ही में सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि बिलासपुर संभाग की संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. गायत्री बांधी थीं। कार्यक्रम में संघ के संरक्षक डॉ. जे.एल. श्रीवास्तव, डॉ. पी.के. श्रीवास्तव तथा भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा बिलासपुर की मुख्य प्रबंधक ज्योत्सना सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संघ की ओर से सभी अतिथियों का शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया।
सेवानिवृत्ति के दिन ही क्लेम भुगतान की बनेगी व्यवस्था
मुख्य अतिथि डॉ. गायत्री बांधी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि पर ही उनके सभी देय भुगतान उपलब्ध कराने के लिए बिलासपुर संभाग में विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जिला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर नियमित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कराने की भी घोषणा की।
अनुभव समाज की सबसे बड़ी पूंजी : संरक्षक मंडल
संघ के संरक्षक डॉ. जे.एल. श्रीवास्तव और डॉ. पी.के. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनरों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों का उपयोग समाज और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाना चाहिए।
वहीं भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य प्रबंधक ज्योत्सना सिंह ने पेंशनरों को बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इन पेंशनरों का हुआ सम्मान
समारोह में हाल ही में सेवानिवृत्त हुए एस.के. पाण्डेय, अविनाश कुमार शर्मा, के.के. थवाईत, आर.जी. थवाईत, आर.के. वर्मा, आर.के. मिश्रा, भरत लाल यादव, राजू यादव, गौरमति साहू, शिव सिंह ठाकुर, अनूप कुमार पाण्डेय, रमेशचंद्र पाण्डेय, एस.ए. नियाजी, परमेश्वर उपाध्याय तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के बाबूलाल कुर्मी सहित अन्य पेंशनरों का सम्मान किया गया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए पेंशनर
कार्यक्रम में महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर सहित बी.एल. कश्यप, सी.के. तिवारी, महेश साव, पी.एल. सिंह, सुधीर कदम, पी.एल. देवांगन, डी.आर. लांझेकर, भूरंगी, शुक्ला, अशोक राठौर सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के पेंशनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अविनाश शर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन डी.आर. सोनी ने किया।