
37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के द्वितीय दिवस पर जांजगीर में निकली भव्य हेलमेट जन-जागरूकता रैली
⚡🚦 हेलमेट ही सुरक्षा की गारंटी 🚦⚡
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 02 जनवरी 2026। 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के द्वितीय दिवस के अवसर पर यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिला मुख्यालय जांजगीर में वृहद हेलमेट जन-जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
01 जनवरी 2026 से प्रारंभ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिलेभर में लगातार जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा यह रैली आयोजित की गई।
हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ
हेलमेट जन-जागरूकता बाइक रैली को CSP योगिताबाली खापर्डे द्वारा पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, नेताजी चौक, नैला रेलवे स्टेशन चौक तक पहुंची तथा वहां से पुनः नेताजी चौक एवं लिंक रोड होते हुए वापस पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचकर संपन्न हुई।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिया सुरक्षा का संदेश
रैली में जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी दोपहिया वाहन चलाते हुए शामिल हुए और आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सुरक्षित गति, यातायात नियमों के पालन एवं जिम्मेदार ड्राइविंग का संदेश दिया गया।
हेलमेट रैली का उद्देश्य
यातायात पुलिस द्वारा आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं गंभीर चोटों को कम करना है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले यात्रियों को हेलमेट के महत्व से अवगत कराया गया।
हेलमेट का उपयोग सिर की गंभीर चोटों से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और यह कई बार जीवन रक्षक सिद्ध होता है। रैली के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा का संकल्प है।
चिंताजनक आंकड़े
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में हुई कुल मौतों में लगभग 62 प्रतिशत मृत्यु दोपहिया वाहन चालकों की पाई गई है। सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों में दोपहिया वाहन चालक सबसे बड़ा स्टेकहोल्डर हैं। इसी गंभीर तथ्य को ध्यान में रखते हुए जन-जागरूकता के लिए यह रैली निकाली गई।
पुलिस की आमजन से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि—
- मोटर सायकल चलाते समय नियमित रूप से हेलमेट का उपयोग करें,
- नाबालिगों को वाहन न चलाने दें,
- यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता बनाएं।
सभी के सामूहिक प्रयास से ही सुरक्षित सड़कों और सुरक्षित भविष्य का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।