Advertisment
Advertisment
अपराधस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

चरित्र शंका ने ली एक और जान: पत्नी की नृशंस हत्या कर शव झाड़ियों में छुपाया, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

NTN NEWS REPORT// रायगढ़, 02 जनवरी 2026।
चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति को जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना रायगढ़ जिले के सांगीतराई नहरपार क्षेत्र की है, जहां कल रात्रि एक महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका निशा चौहान (30 वर्ष) की हत्या उसके पति सेतुलाल चौहान (34 वर्ष) द्वारा की गई। सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस एवं एफएसएल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा : आरोपी सेतुलाल चौहान ने पुलिस को बताया कि उसने लोहे के धारदार कत्ता से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी तथा शव को सांगीतराई नहरपार क्षेत्र में नीचे झाड़ियों में छुपा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण की और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।

स्कूटी से ले जाकर की हत्या : विवेचना में सामने आया कि 01 जनवरी 2026 को आरोपी अपनी पत्नी को स्कूटी में बैठाकर सांगीतराई नहरपार ले गया था। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जो पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।

परिचित युवक पर भी किया जानलेवा हमला : हत्या के बाद आरोपी स्कूटी से एक ऐसे युवक के घर पहुंचा, जिस पर उसे पत्नी से मित्रता होने का संदेह था। वहां भी आरोपी ने युवक पर धारदार कत्ता से जानलेवा हमला किया। युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से फरार हो गया।

अपराध पंजीबद्ध, हथियार व स्कूटी जब्त : मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 103, 109(1) भारतीय न्याय संहिता एवं 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार कत्ता एवं स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक एवं हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!