Advertisment
Advertisment
अपराधस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

प्रताड़ना से युवती की मौत: आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर…

NTN REPORT// सक्ती, 24 फरवरी 2026। थाना सक्ती क्षेत्र में दर्ज अति गंभीर मर्ग क्रमांक 13/2026 की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने युवती को प्रताड़ित कर आत्मघाती कदम उठाने के लिए दुष्प्रेरित करने एवं जातिगत गाली-गलौच करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

लगातार प्रताड़ना से त्रस्त थी मृतिका

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका दिशा मरावी (23 वर्ष), पिता जयकुमार मरावी, निवासी वार्ड क्रमांक 11, झूलकदम रोड, सक्ती को आरोपी योगेन्द्र साहू (23 वर्ष), पिता यशवंत साहू, निवासी ग्राम सकरेली कला, थाना सक्ती द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। आरोपी द्वारा मृतिका को बार-बार जातिगत गाली-गलौच कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था तथा विभिन्न प्रकार के दबाव डाले जाते थे।

होटल के कमरे में आग से हुई मौत

जांच में प्राप्त परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से प्रथम दृष्टया यह स्थापित हुआ कि आरोपी की प्रताड़ना से परेशान होकर मृतिका की सिंग ढाबा के ऊपर स्थित शिवम् होटल के कमरा नंबर 105 में तारपीन तेल से लगी आग के कारण मृत्यु हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर अपराध क्रमांक 91/2026 पंजीबद्ध किया।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस तथा 3(2)(5), 3(1)(ध) एसटी/एससी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है। चूंकि मामला अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार अधिनियम से संबंधित है, इसलिए इसकी जांच विशेष प्राथमिकता के साथ की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा द्वारा अग्रिम विवेचना की गई।

आरोपी से पूछताछ में अपराध स्वीकार

विवेचना के दौरान आरोपी की पतासाजी कर 24 फरवरी 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को विधिवत जब्त किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल, उप निरीक्षक भूपेन्द्र चंद्रा एवं प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एससी/एसटी वर्ग के विरुद्ध अपराध पर सख्त रुख

जिला पुलिस सक्ती ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के विरुद्ध होने वाले अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!