
धान खरीदी सीज़न में बढ़ी ठगी की आशंका: दुर्ग एसएसपी ने वीडियो जारी कर किसानों से की सतर्क रहने की अपील
NTN NEWS REPORT// दुर्ग। धान खरीदी सीज़न की शुरुआत के साथ ही किसानों के खातों में बड़ी रकम आने लगती है, ऐसे में साइबर अपराधी और उठाई गिरोह सबसे ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। किसानों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है।
जिला दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने वीडियो जारी कर किसानों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसान किसी भी तरह की ठगी या अपराध का शिकार न हों।
एसएसपी ने कहा कि धान बेचकर किसानों के खातों में पूरे वर्ष की मेहनत का पैसा आता है, ऐसे में अपराधी अनजान बनकर संपर्क कर सकते हैं या धोखाधड़ी की कोशिश कर सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें, बैंक संबंधी जानकारी किसी को न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
दुर्ग पुलिस ने किसानों से अपील की है कि—
सतर्क रहें और अपने पैसे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।अनजान लोगों के संपर्क में आने से बचें। साइबर कॉल, लिंक या अजनबी के किसी भी लालच में न आएं। किसी भी तरह की संदिग्ध स्थिति तुरंत नज़दीकी पुलिस थाने को बताएं।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि धान खरीदी सीज़न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी स्तरों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।