
आवास मेला 2025 का लोगो अनावरण, छत्तीसगढ़ में 2000 करोड़ की नई आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ
NTN NEWS REPORT// रायपुर,18 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आगामी राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में आज मंडल मुख्यालय में मेले के लोगो (प्रतीक चिन्ह) का अनावरण गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने किया। यह मेला 23, 24 और 25 नवंबर को रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित होगा।
लोगो अनावरण कार्यक्रम में अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में हाउसिंग बोर्ड के आयुक्त अवनीश शरण, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
‘हर नागरिक को सुलभ आवास हमारी प्राथमिकता’ — अध्यक्ष सिंह देव : लोगो अनावरण के पश्चात अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और सुलभ आवास उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आवास मेला 2025 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण व सार्थक कदम है, जहाँ हाउसिंग बोर्ड की सभी योजनाएँ और संपत्तियाँ एक ही मंच पर आम जनता के सामने प्रस्तुत की जाएंगी।
2000 करोड़ की नई परियोजनाओं का शुभारंभ
अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में लगभग रु. 2000 करोड़ की नई परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के नेतृत्व में गृह निर्माण मंडल अपनी योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम तरीके से क्रियान्वित कर पा रहा है।
मेले में आगंतुकों के लिए विशेष सुविधाएँ
आवास मेला 2025 में नागरिकों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएँ की गई हैं— आवंटी पोर्टल का शुभारंभ, जो पंजीकरण और दस्तावेज़ीकरण को सरल करेगा। हितग्राही केवल 1 प्रतिशत राशि जमा कर भवन बुक करा सकेंगे। रायपुर, नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों की परियोजनाओं के साइट विज़िट की विशेष व्यवस्था। घर खरीदने वालों के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा लोन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण संबंधी जानकारी हेतु अनेक स्टॉल, जिनमें भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का स्टॉल विशेष रूप से गुणवत्ता मार्गदर्शन प्रदान करेगा। मेले में पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों के लिए विशेष उपहारों की घोषणा भी की गई है।
प्रदेशवासियों से सहभागिता का आह्वान
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने प्रदेश के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आवास मेला 2025 में पहुँचकर अपने सपनों के घर को साकार करने का अवसर प्राप्त करें।