Advertisment
छत्तीसगढ़रायपुर

किसान परिवार को मिली किडनी की गंभीर बीमारी के इलाज में शासन से मदद, मिला नया जीवन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार

रायपुर, 11 सितम्बर 2024/मंगला के किसान मुजफ्फर खान को किडनी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत राशि स्वीकृत हुई, जिससे उनके इलाज में आसानी हो रही है। परिवार ने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल के लिए आभार जताया है। मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना के तहत इस वर्ष बिलासपुर जिले के 131 परिवार योजना से लाभान्वित हुए हैं। योजना के तहत गंभीर रोगों के इलाज के लिए 25 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाती है।

मंगला निवासी किसान मुजफ्फर खान विगत 2 वर्ष से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, इलाज में लाखों का खर्च था, खेती किसानी करने वाले परिवार ने किसी तरह जमा पूंजी से प्रदेश के एक बड़े निजी अस्पताल में उनका इलाज शुरू कराया, लेकिन हर तीसरे दिन होने वाले डायलिसिस के खर्च ने उनकी कमर तोड़ दी। मुजफ्फर खान के बेटे मुश्ताक खान ने बताया कि इस दौरान उन्हें ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना‘ के विषय में जानकारी मिली और रायपुर जाकर उन्होंने इसके लिए आवेदन किया। शीघ्र ही उन्हें इलाज के लिए राशि स्वीकृत हो गई, जिससे अब उनके पिता के डायलिसिस व दवाओं के खर्च में मदद मिल रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार से मिली इस आर्थिक सहायता से उनके पिता को नया जीवन मिला है। मुजफ्फर खान की पत्नी बिल्किस बानों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से मिली इस मदद से उन्हें बड़ी राहत मिली है, अब आसानी से उनके पति का इलाज हो पा रहा है।

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर रोगों के इलाज के लिए 25 लाख रूपए तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। बिलासपुर जिले में इस वर्ष 131 मरीजों को योजना के तहत लाभान्वित किया गया है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!