
मिडिल ईस्ट तनाव का असर: इंडस्ट्रियल डीजल 21.92 रुपये महंगा, प्रीमियम पेट्रोल के दाम भी बढ़े; जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई
NTN NEWS REPORT// मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर अब घरेलू बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रीमियम पेट्रोल के बाद इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में भी बड़ा इजाफा किया गया है। इसके साथ ही ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो ने भी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है, जिससे उपभोक्ताओं पर दोहरी मार पड़ रही है।
इंडस्ट्रियल डीजल में 21.92 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 109.59 रुपये प्रति लीटर कर दी है। इस तरह एक झटके में 21.92 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जो लगभग 25 फीसदी तक महंगा हो गया है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
तेल कंपनियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। पिछले करीब 25 दिनों में कच्चा तेल लगभग 35 फीसदी महंगा हुआ है और इसकी कीमत 107 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है। गुरुवार को यह 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था, जबकि शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड आयल की कीमत 110.20 डॉलर प्रति बैरल दर्ज की गई।
इंडस्ट्रियल डीजल महंगा होने से उद्योगों और बिजली उत्पादन की लागत बढ़ेगी, जिसका असर आगे चलकर महंगाई के रूप में आम उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
प्रीमियम पेट्रोल भी 2 से 2.35 रुपये महंगा
इंडस्ट्रियल डीजल के साथ-साथ प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में भी 2 से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की गई है। हालांकि नॉर्मल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
तेल कंपनियों द्वारा बेचे जाने वाले प्रीमियम फ्यूल जैसे XP95 (इंडियन ऑयल), Power Petrol (HPCL) और Speed (BPCL) की कीमतों में इजाफा हुआ है।
नई दरों के अनुसार—
- नई दिल्ली में प्रीमियम पेट्रोल 107 रुपये से बढ़कर 112.35 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई में 115 रुपये से बढ़कर 120.35 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई में 112 रुपये से बढ़कर 117.35 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
नॉर्मल पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर
फिलहाल सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
- नई दिल्ली: पेट्रोल 94.77 रुपये, डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई: पेट्रोल 103.50 रुपये, डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई: पेट्रोल 100.80 रुपये, डीजल 92.39 रुपये प्रति लीटर
क्या है प्रीमियम पेट्रोल?
प्रीमियम पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर सामान्य पेट्रोल (91) से अधिक होता है। आमतौर पर इसका ऑक्टेन नंबर 95 या उससे ऊपर होता है। यह हाई-परफॉर्मेंस कार, स्पोर्ट्स बाइक, टर्बो इंजन और लग्जरी वाहनों में इस्तेमाल किया जाता है। इससे इंजन स्मूथ चलता है और बेहतर माइलेज व परफॉर्मेंस मिलती है।
जोमैटो ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
ईंधन और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का असर ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेक्टर पर भी पड़ा है। जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस में 19 फीसदी की वृद्धि कर दी है। प्लेटफॉर्म फीस 12.50 रुपये से बढ़ाकर 14.90 रुपये प्रति ऑर्डर कर दी गई है। नई दरें शुक्रवार से लागू हो गई हैं।
इस तरह हर ऑर्डर पर 2.40 रुपये अतिरिक्त वसूले जाएंगे, जो रेस्टोरेंट के फूड प्राइस, डिलीवरी चार्ज और जीएसटी से अलग होगा।
कंपनी को रोजाना 48 लाख रुपये की अतिरिक्त आमदनी
जोमैटो को औसतन प्रतिदिन करीब 20 लाख ऑर्डर मिलते हैं। 2.40 रुपये प्रति ऑर्डर की बढ़ोतरी से कंपनी को प्रतिदिन लगभग 48 लाख रुपये की अतिरिक्त आमदनी होने का अनुमान है। फेस्टिवल और ऑफर्स के दौरान ऑर्डर की संख्या और बढ़ जाती है।
एलपीजी की कीमतों में भी इजाफा
हाल ही में 7 मार्च से घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। नई दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये हो गई है। वहीं कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 115 रुपये का इजाफा किया गया है।
गैस आपूर्ति प्रभावित होने और मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण यह बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति सीमित कर घरेलू सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने का निर्णय लिया है।
उपभोक्ताओं पर बढ़ता दबाव
इंडस्ट्रियल डीजल और प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से उद्योगों की लागत बढ़ेगी, जिसका असर वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर पड़ सकता है। वहीं प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी से ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना भी महंगा हो गया है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर दिखाई देने लगा है।