Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

कुटरा वार्षिकोत्सव में 78 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण

राघवेन्द्र पाण्डेय के एक फैसले ने बदला गांव का भविष्य, 2.75 करोड़ से बनेगा कन्या छात्रावास

NTN REPORT// जांजगीर–चाम्पा। संघर्ष, हिंसा और अतिक्रमण की चुनौतियों से जूझ चुके ग्राम कुटरा में शिक्षा की मजबूत नींव रखते हुए विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। शिक्षा केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यह बात कुटरा मालगुजार परिवार के सदस्य राघवेन्द्र पाण्डेय ने रामसरकार शासकीय स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव समारोह को संबोधित करते हुए कही। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य संदीप श्रीवास्तव ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रधान पाठक ईंदिरा शुक्ला, सहकारी समिति अध्यक्ष राजू कश्यप, सरपंच रामधन कश्यप, शाला विकास समिति अध्यक्ष देवी निर्मलकर एवं पूर्व सरपंच राजकुमार शामिल रहे।

78 लाख की लागत से बने अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा हायर सेकेंडरी, पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के लिए 78 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक देवेन्द्र साहु ने किया।

वर्ष 2014 का निर्णय बना मील का पत्थर

मुख्य अतिथि राघवेन्द्र पाण्डेय ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 2008 में गांव में हाईस्कूल की स्थापना तो हो गई थी, लेकिन कुटरा के हिंसक इतिहास और व्यापक अतिक्रमण के कारण शासन छह वर्षों तक विद्यालय भवन निर्माण का साहस नहीं जुटा सका। स्थिति यहां तक पहुंच गई थी कि प्रशासन ने स्कूल को अन्य गांव में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

उन्होंने बताया कि संकट के उस दौर में तत्कालीन सरपंच राजू कश्यप एवं ग्रामीणों के आग्रह पर वर्ष 2014 में उन्होंने हाईस्कूल भवन की नींव रखी। आज वही विद्यालय रामसरकार हायर सेकेंडरी स्कूल के नाम से क्षेत्र में शिक्षा का केंद्र बन चुका है।

एक फैसले से बदली गांव की दिशा

राघवेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि इस एक निर्णय से प्रेरित होकर ग्रामीणों ने सैकड़ों एकड़ शासकीय भूमि से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाया और शांति व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। यह निर्णय पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल बना। परिणामस्वरूप आज ग्राम कुटरा में कन्या छात्रावास, अस्पताल और मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा।

बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में अनुराग तिवारी, अमृत कश्यप, विदुर कश्यप, छोटे लाल सूर्यवंशी, रामेश्वर कश्यप, मनमोहन कश्यप, गजानंद खरे, पवन दिनकर, प्रहलाद कश्यप, देवी कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्कूल स्टाफ, ग्रामीण एवं क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।

कन्या छात्रावास को मिली नई स्वीकृति

राघवेन्द्र पाण्डेय ने जानकारी दी कि कुछ वर्ष पूर्व अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास के लिए 1 करोड़ 40 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी, लेकिन भूमि पर बेजा कब्जे के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। अब शासन द्वारा 2 करोड़ 75 लाख रुपये की नई स्वीकृति प्रदान की गई है।

उन्होंने बताया कि इस बार पंचायत एवं ग्रामीणों के सहयोग से शासन को भूमि उपलब्ध करा दी गई है, जिससे अब छात्रावास भवन निर्माण में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। उन्होंने इस उपलब्धि पर ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि कन्या छात्रावास के निर्माण से क्षेत्र की अनुसूचित जाति बालिकाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और बालिका शिक्षा को नई मजबूती प्राप्त होगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!