
जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज को मिला पहला अधिष्ठाता(डीन)
डॉक्टर राकेश नहरेल बने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जांजगीर-चांपा के पहले डीन
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जांजगीर-चांपा को उसका पहला अधिष्ठाता (डीन) मिल गया है। छत्तीसगढ़ शासन, चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. राकेश नहरेल को मेडिकल कॉलेज जांजगीर-चांपा का अधिष्ठाता नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति 23 जनवरी 2026 को नवा रायपुर से जारी आदेश (File No. ESTB-101(1)/18/2026) के तहत की गई है। डॉ. राकेश नहरेल वर्तमान में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (सिम्स) बिलासपुर में प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें आगामी आदेश तक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जांजगीर-चांपा का अतिरिक्त प्रभार अधिष्ठाता के रूप में सौंपा गया है।
नए मेडिकल कॉलेज के संचालन की दिशा में बड़ा कदम
जिले में मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ और सुचारु संचालन की दिशा में यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम मानी जा रही है। अधिष्ठाता की नियुक्ति से कॉलेज में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को गति मिलेगी।
शासन के आदेशानुसार की गई नियुक्ति
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर सचिव सोनचंद साहू द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्त अधिकारी अपने मूल पद के साथ-साथ अतिरिक्त दायित्व का निर्वहन करेंगे।
जिले को मिलेगा स्वास्थ्य शिक्षा का नया केंद्र
मेडिकल कॉलेज जांजगीर-चांपा के संचालन से न केवल जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मेडिकल शिक्षा की सुविधा मिलेगी। अधिष्ठाता की नियुक्ति के साथ कॉलेज के शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने की प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद है।
देखिए आदेश …
