
उपसंचालक (संपरीक्षा)एवं सहायक संपरीक्षक भिलाई सेवानिवृत्त कर्मचारी से रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए है। प्रार्थी देवव्रत देवांगन निगम सचिव के पद पर नगर पालिक निगम रिसाली भिलाई में पदस्थ था।
उसने एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर के कार्यालय में शिकायत की थी कि सेवानिवृत्त होने के पश्चात भी उसका पदोन्नत पद पर वेतन निर्धारण/ सत्यापन उप-संचालक, राज्य संपरीक्षा कार्यालय दुर्ग में लंबित था, जिस वजह से उसका पेंशन एवं अन्य देयताएं नहीं मिल पा रही थी। प्रार्थी राज्य संपरीक्षा कार्यालय दुर्ग में पदस्थ आरोपीगण दिनेश कुमार उपसंचालक (संपरीक्षा) एवं होमन कुमार सहायक संपरीक्षक से कई बार मिला किंतु उनके द्वारा सत्यापन नहीं किया जा रहा था, बल्कि ₹10000 रिश्वत की मांग की जा रही थी।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान प्रार्थी के निवेदन पर आरोपी ₹6000 रिश्वत लेने को सहमत हुए।
आज दिनांक 11.9.2024 को ट्रेप आयोजित कर राज्य संपरीक्षा कार्यालय दुर्ग में पदस्थ आरोपी दिनेश कुमार उप संचालक (वित्त) एवं आरोपी हेमंत कुमार सहायक संपरीक्षक को ₹6000 रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसी एक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है।