Advertisment
खेल

अबरार अहमद की खरीद पर विवाद: सनराइजर्स लीड्स के फैसले से मचा बवाल, टीम का X अकाउंट सस्पेंड

द हंड्रेड 2026 ऑक्शन के बाद भारतीय ओनर्स वाली फ्रेंचाइजी पर उठे सवाल, कोच डेनियल विटोरी ने दी सफाई

NTN NEWS REPORT// इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग The Hundred के 2026 सीजन के ऑक्शन के बाद सनराइजर्स लीड्स विवादों में घिर गई है। गुरुवार (12 मार्च) को हुई नीलामी में टीम ने पाकिस्तान के मिस्ट्री लेग-स्पिनर Abrar Ahmed को 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारी बहस छिड़ गई और भारत में कई क्रिकेट प्रशंसकों ने इस फैसले पर नाराजगी जताई।

फाइल फोटो

भारतीय ओनर्स वाली टीम का पहला ऐसा कदम
बताया जा रहा है कि द हंड्रेड में किसी भारतीय ओनर्स वाली फ्रेंचाइजी द्वारा पहली बार किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन किया गया है। सनराइजर्स लीड्स का स्वामित्व भारतीय मीडिया कंपनी Sun Group के पास है, जिसका नेतृत्व उद्योगपति Kalanithi Maran करते हैं। टीम की सीईओ Kavya Maran खुद लंदन में आयोजित ऑक्शन के दौरान मौजूद थीं।
अबरार अहमद को खरीदने के लिए सनराइजर्स लीड्स ने ट्रेंट रॉकेट्स को बोली में पछाड़ा। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने काव्या मारन और फ्रेंचाइजी को निशाने पर लिया। कई लोगों ने इसे ‘राष्ट्रीय भावना’ के खिलाफ बताया।

IPL से तुलना, 2008 के बाद नहीं खेले पाक खिलाड़ी
सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठाया गया कि जब Indian Premier League (IPL) में 2008 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले पाए हैं, तो भारतीय ओनर्स वाली टीम ने द हंड्रेड में ऐसा कदम कैसे उठाया। भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तानी क्रिकेटरों की आईपीएल में भागीदारी 2008 के बाद से बंद है।

टीम का X अकाउंट सस्पेंड
अबरार अहमद की खरीद के कुछ घंटों बाद सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट सस्पेंड हो गया। हालांकि प्लेटफॉर्म की ओर से अकाउंट सस्पेंड किए जाने की कोई आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। इससे विवाद और गहरा गया है।

कोच डेनियल विटोरी की सफाई
टीम के हेड कोच Daniel Vettori ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर कोई विशेष चर्चा या अलग बैठक नहीं की थी। विटोरी के अनुसार, अबरार अहमद को उनकी ‘मिस्ट्री स्पिन’ और प्रभावी गेंदबाजी को ध्यान में रखते हुए चुना गया।

उन्होंने बताया कि टीम ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से अबरार के बारे में फीडबैक लिया था, जिसके बाद रणनीतिक तौर पर उन्हें साइन करने का फैसला किया गया।

ऑक्शन में बिकने वाले दूसरे पाक खिलाड़ी
द हंड्रेड 2026 के ऑक्शन में सोल्ड होने वाले अबरार अहमद दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के स्पिनर Usman Tariq को बर्मिंघम फोनिक्स ने लगभग 1.40 लाख पाउंड (करीब 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा था।

पहले नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स थी टीम
गौरतलब है कि सन ग्रुप ने पिछले साल इस फ्रेंचाइजी में पूरी हिस्सेदारी हासिल की थी। इससे पहले यह टीम नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के नाम से जानी जाती थी, जिसे अब सनराइजर्स लीड्स के रूप में रीब्रांड किया गया है। द हंड्रेड 2026 के इस ऑक्शन ने खेल और राजनीति के रिश्ते पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या रूप लेता है और फ्रेंचाइजी इस स्थिति को किस तरह संभालती है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!