Advertisment
Advertisment
अन्य खबरेंभारत

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच गैस सप्लाई पर सरकार की सफाई: रोजाना 25 लाख अधिक LPG सिलेंडर बुकिंग, पैनिक बाइंग से बचने की अपील

NTN NEWS REPORT// नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध की स्थिति के बीच ऊर्जा संकट की आशंकाओं को लेकर देश में एलपीजी सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। इस बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि आम दिनों में प्रतिदिन औसतन 50 से 55 लाख एलपीजी सिलेंडर बुक होते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह संख्या बढ़कर 75 से 76 लाख तक पहुंच गई है। यानी रोजाना करीब 25 लाख अतिरिक्त बुकिंग दर्ज की जा रही है।

उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे पैनिक बाइंग से बचें और अफवाहों पर विश्वास न करें। सरकार की ओर से पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।


कॉल सेंटर व्यवस्था मजबूत, शिकायतों के लिए बढ़ाई गई सुविधाएं

पब्लिक सेक्टर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के कॉल सेंटर को भी सुदृढ़ किया गया है। कॉल सेंटर में सीटों की संख्या बढ़ाकर 400 कर दी गई है, जबकि टेलीफोन लाइनों की संख्या 50 तक बढ़ाई गई है, ताकि उपभोक्ता अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें।


ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के सचिवों ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के फूड एंड सिविल सप्लाइज विभाग के सचिवों के साथ बैठक की। बैठक में मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन, डीएम और एसपी को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया है।


कई राज्यों में कंट्रोल रूम, रोजाना प्रेस ब्रीफिंग

स्थिति पर नजर रखने के लिए मेघालय, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में रोजाना प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से स्थिति की जानकारी दी जा रही है।


राज्यों में कार्रवाई के उदाहरण

  • झांसी (उत्तर प्रदेश): सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी होने की घटना सामने आई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की।
  • हापुड़ (उत्तर प्रदेश): अवैध रूप से रखे गए सिलेंडर बरामद किए गए और संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम को सील कर दिया गया।
  • कर्नाटक: फूड एंड सिविल सप्लाइज विभाग ने छापेमारी कर अवैध रूप से स्टोर किए गए सिलेंडर जब्त किए।
  • मध्य प्रदेश: जमाखोरी के मामलों में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।

सरकार का आश्वासन: पर्याप्त है गैस सप्लाई

केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। राज्यों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस उपलब्ध हो सके।

सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि अफवाहों से बचें, अनावश्यक बुकिंग न करें और किसी भी समस्या की स्थिति में अधिकृत कॉल सेंटर या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!