
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 4 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, लंबित प्रकरणों और जिले में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का केवल निस्तारण नहीं, समाधान हो
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, विभिन्न ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों और सुशासन शिविरों में प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि वास्तविक समस्या का समाधान होना चाहिए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिदिन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल का अवलोकन करने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने तथा निराकरण के बाद स्वयं हितग्राहियों से संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत निवारण की सबसे बड़ी कसौटी है।
निर्माण कार्यों की धीमी गति पर जताई नाराजगी
कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसडीओ, उप अभियंताओं (जेई) और तकनीकी सहायकों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य होने के बाद ही भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की प्रगति और स्थल के फोटो अनिवार्य रूप से जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा बैठक में अनुपस्थिति पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
जल संरक्षण और वृक्षारोपण को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, जल संरक्षण कार्यों और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने, जल स्रोतों के संरक्षण और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
एचपीवी टीकाकरण और कृमि मुक्ति अभियान समय पर पूरा करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण के शेष लक्ष्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
इसके अलावा शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को 10 अगस्त तक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कृमि मुक्ति अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को समय पर मिले कृषि सुविधाएं
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खरीफ सीजन में किसानों को समय पर कृषि आदान, तकनीकी मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खेती संबंधी गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, यातायात, विद्युत व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने पारस पोर्टल में विभागीय जानकारी एवं प्रगति विवरण समय पर दर्ज करने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा, फील्ड निरीक्षण और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।