
छत्तीसगढ़ का जल चमत्कार: 12 जिलों को राष्ट्रीय स्तर पर मिला बड़ा सम्मान
NTN REPORT//रायपुर, 19 नवंबर 2025। जल संरक्षण एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ के 12 जिलों ने राष्ट्रीय मंच पर इतिहास रचा है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार एवं जल संचय जनभागीदारी 1.0 अवार्ड समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्य के इन जिलों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर जिलों के नागरिकों व प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जल संरक्षण के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता और सामुदायिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुरस्कार प्रदेश के “जल भविष्य” को सुरक्षित करने में प्रेरक सिद्ध होगा।
छत्तीसगढ़ के 12 जिलों को मिला राष्ट्रीय सम्मान
छत्तीसगढ़ के रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, बालोद, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग और सूरजपुर जिलों ने जल संरक्षण की दिशा में बेहतरीन कार्य कर देशभर में अलग पहचान बनाई है।
1.रायपुर जिला — जनभागीदारी अभियान में देश में नंबर 1 रायपुर नगर निगम देशभर के निगमों में प्रथम स्थान। पूर्वी ज़ोन कैटेगरी 01 में तीसरा स्थान। नगर निगम द्वारा 33,082 तथा जिला प्रशासन द्वारा 36,282 जल संचय कार्य पूरे किए गए। सामुदायिक सहभागिता को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप मिला।
2. राजनांदगांव — राष्ट्रीय जल अवार्ड में प्रथम स्थान , ईस्ट ज़ोन के अंतर्गत पहला स्थान। जनभागीदारी कैटेगरी 01 में दूसरा स्थान। 2 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि। 58,967 जल संरचनाएँ जनभागीदारी से पूर्ण।
3. बालोद — कैटेगरी 01 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन , कैटेगरी 01 में पहला स्थान। 2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि। जिले में 92,742 नई जल संरचनाओं का निर्माण।
4. महासमुंद — कैटेगरी 2 में प्रथम स्थान, 35,182 जल संरक्षण संरचनाएँ निर्मित। राज्य के प्रमुख प्रदर्शनकारी जिलों में शामिल।
5. बलौदाबाजार–भाटापारा — कैटेगरी 2 में दूसरा स्थान, 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि। 30,927 संरचनाओं का निर्माण।
6. गरियाबंद — कैटेगरी 2 में तीसरा स्थान, बेहतर सतही जल प्रबंधन के लिए मिला सम्मान। 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि।26,025 सतही जल संरचनाओं का रखरखाव व निर्माण कार्य।
7. बिलासपुर — कैटेगरी 03 में प्रथम स्थान, 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि। 21,058 जल संरचनाओं का सफल निर्माण।
8. दुर्ग — कैटेगरी 03 में 16वां स्थान, 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि। 5,010 जल संरक्षण परियोजनाएँ पूरी।
9. बलरामपुर — कैटेगरी 03 में 6वां स्थान, 25 लाख रुपये का पुरस्कार। 8,644 जल परियोजनाएँ पूरी की गईं।
10. धमतरी — कैटेगरी 03 में 8वां स्थान, 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि। 7,674 संरक्षण परियोजनाएँ निर्मित।
11. रायगढ़ — कैटेगरी 03 में दूसरा स्थान, 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि। 19,088 जल संरक्षण परियोजनाएँ पूरी की गईं।
12. सूरजपुर — कैटेगरी 03 में 12वां स्थान , 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि। 5,797 संरक्षण परियोजनाएँ सफलतापूर्वक पूर्ण।
जल बचाओ—प्रदेश बनाओ : छत्तीसगढ़ की सामूहिक जल चेतना का राष्ट्रीय सम्मान
इन पुरस्कारों ने छत्तीसगढ़ की जल संरक्षण नीति, सामुदायिक सहभागिता और ग्रामीण-शहरी दोनों क्षेत्रों में जनभागीदारी को एक नई ऊँचाई दी है। राज्य द्वारा किए जा रहे नवाचार और मिशन-आधारित प्रयासों ने छत्तीसगढ़ को जल प्रबंधन का अग्रणी राज्य बना दिया है।