
राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा पूरी तरह तैयार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
NTN NEWS REPORT// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर छत्तीसगढ़ भाजपा पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत संगठन, स्पष्ट नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ प्रदेश इकाई इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन केवल एक औपचारिक संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट आस्था का सशक्त प्रतीक है। यह प्रक्रिया पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन पूर्ण एकजुटता के साथ केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्य कर रहा है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को नई दिशा देने के लिए संकल्पबद्ध है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और विश्वास का वातावरण है, जो भाजपा की सुदृढ़ संगठनात्मक संरचना को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह निर्वाचन प्रक्रिया पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा देश के विकास और जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।