
जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता — शातिर महाठग गिरफ्तार, कई जिलों में की थी ठगी और चोरी
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2025। सायबर सेल जांजगीर-चांपा को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो न केवल जिले में बल्कि प्रदेश के कई अन्य जिलों—दुर्ग, बलौदा बाजार, धमतरी और बालोद—में ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
250 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण और तकनीकी जांच के बाद आरोपी की पहचान की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता खापर्डे के नेतृत्व में की गई।
आरोपी का विवरण : गिरफ्तार आरोपी का नाम पंचराम निषाद उर्फ पंचू (37 वर्ष) पिता गणेशराम निषाद है। वह ग्राम चंदेली थाना चन्द्रपुर, जिला सक्ती का निवासी है, जो वर्तमान में संतोषी मंदिर के पास सरायपाली जिला महासमुंद तथा ग्राम बड़े टेमरी थाना बसना जिला महासमुंद में निवासरत था।
बरामद संपत्ति : आरोपी के कब्जे से कुल ₹5,19,930 मूल्य की संपत्ति बरामद की गई, जिसमें शामिल हैं —
1. चांदी के जेवर – 1113 ग्राम (कीमत ₹1,66,950) 2. सोने के जेवर – 23.950 ग्राम (कीमत ₹2,96,980)। 3. सफेद रंग की स्कूटी – ₹50,000 4. एक मोबाइल फोन – ₹6,000
वारदात का तरीका : आरोपी खुद को निर्माण सामग्री विक्रेता बताकर कम कीमत में छड़, सीमेंट और ईंट बेचने का लालच देता था। वह सुबह के समय, जब घर का मुखिया कार्य पर चला जाता, अपराध को अंजाम देता। पहचान छिपाने के लिए सिर पर टोपी और गमछा लपेटता तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल से घूमता था। प्रतिदिन ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा देता था।
स्थानीय घटनाओं का विवरण : 1. थाना बिर्रा (अपराध क्र. 84/25, धारा 318(4) BNS): ग्राम नकटीडीह की पीड़िता बसंती बाई केवट से कम दाम में सीमेंट दिलाने का झांसा देकर ₹1,24,000 की ठगी।
2. थाना नवागढ़ (अपराध क्र. 438/25, धारा 303(2) BNS):
ग्राम राछाभांठा में बीमार व्यक्ति को बहाना बनाकर घर से ले गया, फिर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी की।
3. थाना नवागढ़ (अपराध क्र. 471/25, धारा 331(3), 305(A) BNS): प्रार्थिया चंदौतीन कुर्रे से सस्ती सीमेंट दिलाने का बहाना कर घर से बुलाया और घर में रखे ₹12,000 नकद और सोने की माला चोरी की।
अन्य जिलों के मामले : पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने थाना बिलाईगढ़, जिला बलौदा बाजार में भी इसी तरह की वारदात की थी। (अपराध क्र. 245/25, धारा 331(3), 305(A) BNS)।
पूर्व आपराधिक इतिहास : पंचराम निषाद एक सिरियल ठग और पेशेवर अपराधी है। उस पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों — जांजगीर-चांपा, दुर्ग, धमतरी, बालोद, बलौदा बाजार आदि — के 17 से अधिक थानों में चोरी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
उसकी कार्यप्रणाली एक जैसी रही — कम दाम में निर्माण सामग्री दिलाने का लालच, घर के अकेले सदस्य को बहाने से बाहर भेजना, फिर घर में रखी नकदी और आभूषणों की चोरी करना। आरोपी पहले भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है। वर्ष 2024 में धमतरी जिला जेल में विचाराधीन बंदी के रूप में रहते हुए, पेट दर्द का बहाना कर अस्पताल ले जाते समय वह हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था।
जांच एवं आगे की कार्रवाई : सायबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबीर सूचना और 250 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को महासमुंद जिले के सरायपाली से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के अवैध अर्जित संपत्ति की विवेचना की जा रही है, ताकि अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्ती की वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
कार्यवाही में शामिल टीम : इस प्रभावी कार्रवाई में निम्न अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे — अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक: उमेश कुमार कश्यप, प्रभारी सायबर सेल: निरीक्षक सागर पाठक , थाना प्रभारी नवागढ़: निरीक्षक अशोक वैष्णव, थाना प्रभारी बिर्रा: निरीक्षक जय साहू, सायबर टीम सदस्य: स.उ.नि. विवेक कुमार सिंह, प्र.आर. विवेक सिंह, मनोज तिग्गा, गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, रोहित कहरा, शाहबाज अहमद, माखन साहू, श्रीकांत सिंह, थाना बिर्रा से: स.उ.नि. मुकेश पाण्डेय, थाना नवागढ़ से: स.उ.नि. केरकेटटा, आर. रामदेव साहू, हेमंत साहू, रामसरकार कश्यप, देव लसार, म.आर. रचना शांतेय एवं अन्य स्टाफ
वही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस उत्कृष्ट कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।