
चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — दो शातिर चोर एवं एक खरीददार गिरफ्तार, चोरी गए कॉपर वायर एवं नकदी ₹1,13,000 जप्त
NTN NEWS REPORT// चांपा थाना पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों एवं एक खरीददार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी उसी दुकान में काम करते थे, जहाँ से वे लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से चोरी गया एक बंडल कॉपर वायर और कुल ₹1,13,000 की रकम बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम : 1. मनोज कुमार निषाद पिता सियाराम निषाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी शंकर नगर, चांपा 2. सूरज दास मानिकपुरी पिता मंगल दास मानिकपुरी, उम्र 31 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर 3. नरेंद्र शर्मा (खरीददार) पिता राम कुमार शर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 20, कोरवा पारा, चांपा
मामले का संक्षिप्त विवरण : प्रार्थी विनोद गैस एजेंसी शंकर नगर के संचालक ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान, जो तहसील रोड स्थित है और जहाँ गैस एजेंसी के साथ इलेक्ट्रिकल आइटम की बिक्री भी की जाती है, से हाल ही में पांच बंडल कॉपर वायर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए हैं।
रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच एवं कार्यवाही का क्रम : पुलिस टीम ने प्रार्थी की दुकान तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान का एक कर्मचारी संदिग्ध स्थिति में दुकान के अंदर घूमते तथा कॉपर वायर बंडल चोरी करते दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, परंतु तकनीकी साक्ष्य के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दुकान व गोदाम से 05 बंडल कॉपर वायर चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर को उन्होंने लायंस चौक स्थित “मंगलम ट्रेडर्स” के मालिक नरेंद्र शर्मा को बेचा है। पुलिस टीम ने तत्काल मंगलम ट्रेडर्स की तलाशी ली, जहाँ से चोरी गया 01 बंडल कॉपर वायर बरामद किया गया। पूछताछ में नरेंद्र शर्मा ने चोरी के पांच बंडल कॉपर वायर को खरीदने की बात स्वीकारी, जिसमें से चार बंडल कॉपर वायर को ₹1,09,000 में बेच देना बताया।
जप्ती विवरण : नरेंद्र शर्मा के कब्जे से चोरी गया 01 बंडल कॉपर वायर , बिक्री रकम ₹1,09,000 ,दोनों कर्मचारी आरोपियों के कब्जे से ₹4,000, कुल जप्त राशि ₹1,13,000/-तीनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध सिद्ध होने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम का योगदान : इस सफल कार्यवाही में –
निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, आरक्षक वीरेश सिंह, मुद्रिका दुबे, जय उरांव, शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया – का विशेष योगदान रहा। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्य के उपयोग से चोरी के मामले का खुलासा कर एक बार फिर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया गया है कि जिले में चोरी अथवा अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।