
अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई
विक्रेताओं पर शिकंजा, वाहनों से हटवाए गए अमानक साइलेंसर
NTN NEWS REPORT// बिलासपुर,10 जनवरी 2026।
यातायात नियमों के उल्लंघन और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस बिलासपुर ने सख्त और प्रभावी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

अवैध साइलेंसर विक्रय स्थलों का औचक निरीक्षण
यातायात पुलिस और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा शहर में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले विक्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानों द्वारा अनाधिकृत रूप से ऐसे साइलेंसर बेचे जा रहे हैं, जिनसे मानक से अधिक तेज आवाज निकलती है। इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है, बल्कि सड़क पर चल रहे लोगों और वाहन चालकों का ध्यान भी भंग हो रहा है।
मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर तत्काल कार्रवाई
शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वाले चालकों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान वाहनों से अमानक मॉडिफाइड साइलेंसर तत्काल निकलवाकर उनके स्थान पर मानक स्तर के साइलेंसर लगवाए गए। इसके साथ ही वाहन चालकों को समझाइश दी गई और उनसे शपथ पत्र भरवाने के बाद ही वाहन सुपुर्द किए गए।
युवाओं के अभिभावकों को भी दी गई सख्त हिदायत
जिन मामलों में युवा वाहन चालक मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करते पाए गए, उनके माता-पिता एवं अभिभावकों को यातायात मुख्यालय बुलाकर समझाइश दी गई। उन्हें खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, स्टंट करने और तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन के गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया।
गैरेज और ऑटो पार्ट्स दुकानों को चेतावनी
कार्रवाई के दौरान शहर के समस्त मोटर गैरेज और ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि मॉडिफाइड साइलेंसर का विक्रय या उपयोग पाया गया, तो उनके विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही ऐसे दुकानदारों को नगर निगम द्वारा ब्लैकलिस्ट किए जाने के लिए प्रतिवेदन भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सके।
लाइसेंस निलंबन और वाहन ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई जारी
विदित हो कि यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा मालवाहक वाहनों में अवैध सवारी ढोने जैसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के मामलों में भी लाइसेंस निलंबन एवं वाहन ब्लैकलिस्टिंग हेतु आरटीओ को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस सख्त अभियान के दौरान डीएसपी शिवचरण परिहार, निरीक्षक सईद अख्तर, उप निरीक्षक पी. आर. मंडावी, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र नेताम सहित दीपक तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, इंदल प्रसाद, सुनील यादव एवं संबंधित थानों का पुलिस बल उपस्थित रहा।